जीरो बजट खेती के नाम पर खर्च कर दिए लाखों रुपये, विधानसभा में उठा मामला
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
कांग्रेस विधायक जगत सिंह नेगी ने साल 2019-20 के बजट को निराशाजनक करार दिया। बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए किन्नौर से विधायक जगत सिंह नेगी ने कहा कि जीरो बजट खेती के नाम पर किसानों को गुमराह करने का काम बंद किया जाए।
बिना बजट कैसे कोई किसान खेती कर सकता है। उन्होंने कहा कि पीटरहॉफ शिमला में इस योजना के प्रचार-प्रसार पर लाखों रुपये खर्च कर दिए गए। अच्छा होता यह पैसा किसानों को दिया जाता।
नेगी ने कहा कि बजट में अनुसूचित जनजातीय क्षेत्र की जनता से धोखा हुआ है। मुख्यमंत्री ने जनजातीय क्षेत्रों का बजट में जिक्र तक नहीं किया। उन्होंने कहा कि सबका साथ सबका विकास का नारा बेमानी साबित हो रहा है। पर्यटन और लोक निर्माण विभाग का पैसा मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र में खर्च हो रहा है।
आईपीएच और बागवानी का पैसा महेंद्र सिंह के विधानसभा क्षेत्र में। ऐसे में पूरे प्रदेश का विकास तो हो नहीं पा रहा है। नेगी ने कहा कि जनमंच पर लाखों रुपये लंच में खर्च किए जा रहे हैं। इसका ऑडिट होना चाहिए। उन्होंने बजट को मजदूर, युवा, महिला, किसान-बागवान विरोधी बताया।
नरम पड़े पठानिया के तेवर, सरकार की तारीफ में पढ़े कसीदे
विधानसभा सत्र के शुरुआती दिनों में अपनी ही सरकार के खिलाफ आक्रामक रहे नूरपुर के विधायक राकेश पठानिया के तेवर नरम हो गए हैं। मंगलवार को बजट पर चर्चा में भाग लेते हुए राकेश पठानिया ने जयराम सरकार की तारीफ में जमकर कसीदे पढ़े।
नेता विपक्ष मुकेश अग्निहोत्री के बयानों पर पलटवार करते हुए पठानिया ने कहा कि बजट रूपी फिल्म का प्रोड्यूसर और डायरेक्टर चाहे जो मर्जी हों लेकिन यह बजट फ्लॉप होने वाला नहीं है।
यह फिल्म हिट रहेगी और पांच साल बाद रिपीट भी होगी। पठानिया ने कहा कि पहली बार प्रदेश के किसी मुख्यमंत्री ने विधायकों को बुला-बुला कर बजट तैयार किया है। बजट की 90 फीसदी योजनाएं विधायकों द्वारा दिए गए सुझावों पर आधारित हैं।
उन्होंने कहा कि मैंने धूूमल साहब और वीरभद्र सिंह की सरकारों को भी देखा है लेकिन ऐसा पहले कभी नहीं हुआ। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर इसके लिए बधाई के पात्र हैं। उन्होंने कहा कि जनमंच एक सफल कार्यक्रम रहा है।
उन्होंने कहा कि ऋण लेने का रिकॉर्ड कांग्रेस सरकारों के नाम रहा है। साल 2003 में प्रदेश पर 13 हजार करोड़ का ऋण था जो 2017 में कांग्रेस सरकार के जाते समय 47 हजार करोड़ तक पहुंच गया।
नशे पर जयराम ने बजट से की करारी चोट : बरागटा
भाजपा विधायक नरेंद्र बरागटा ने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने बजट से नशे पर करारी चोट की है। चर्चा में भाग लेते हुए बरागटा ने कहा कि अगर हमारा भविष्य नहीं बचा तो जीना किस काम का।
उन्होंने कहा कि युवाओं को नशे की दलदल से बाहर निकालने के लिए पांच नशा निवारण केंद्र खोलने का फैसला सराहनीय है। बरागटा ने कहा कि मुख्यमंत्री ने बजट में सभी वर्गों का विशेष ध्यान रखा है।
जयराम सरकार ने बदले की भावना से काम नहीं किया है जबकि कांग्रेस सरकार ने बदले की कार्रवाई करते हुए उन पर गुम्मा इंजीनियरिंग कॉलेज और एंटी हेलगन को लेकर विजिलेंस की जांच तक करवाई। उन्होंने कहा कि जनमंच आम आदमी का मंच है। अब मुख्यमंत्री के जाने से यह कार्यक्रम और मजबूत होगा।