Mandi News: पहाड़ी रत्न ब्रांड नाम से बिकेंगे कोदरे के लड्डू और आचार, सिद्धपुर में स्थापित होगा लघु उद्योग
मंडी जिले के धर्मपुर किसान उत्पादक संघ(एफपीओ) की ओर से जागृति स्वयं सहायता समूह सकोह सिद्धपुर ने पिछले छह महीने में पांच लाख रुपये के कोदरे के लड्डू बिक्री करके मिसाल पेश की है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के धर्मपुर किसान उत्पादक संघ(एफपीओ) की ओर से जागृति स्वयं सहायता समूह सकोह सिद्धपुर ने पिछले छह महीने में पांच लाख रुपये के कोदरे के लड्डू बिक्री करके मिसाल पेश की है। महिलाओं की ओर से बनाए जा रहे इन लड्डुओं को किसान उत्पादक संघ ने पूरे देश में पहुंचाने में मदद की है। इस संबंध में शनिवार को पंचायत घर धर्मपुर में अगले साल की योजना निर्माण के लिए सम्मेलन आयोजित किया गया। सम्मेलन में निर्णय लिया गया कि नए वित्त वर्ष से यह लड्डू पहाड़ी रत्न ब्रांड नाम से बेचे जाएंगे।
इसके लिए 10 हजार डिब्बे तैयार कर लिए गए हैं। इसके अलावा लड्डुओं के निर्माण के लिए एक लघु उद्योग स्थापित किया जाएगा। इसमें महिलाओं को प्रशिक्षण भी दिया जाएगा। इसके अलावा आचार बनाने के कार्य को भी इसी ब्रांड के तहत संचालित किया जाएगा। इसके लिए भी डिब्बे एफपीओ के माध्यम से तैयार कर लिए गए हैं। इसमें इस महीने कचनार-कराले की कलियों का अचार डाला जाएगा। आने वाले समय में सभी प्रकार के मौसमी फलों का आचार बनाकर मार्केटिंग के लिए उपलब्ध करवाया जाएगा। भूपेंद्र सिंह ने बताया कि धर्मपुर किसान उत्पादक सहकारी सभा अलग क्षेत्रों के लिए अगले साल की योजना निर्माण कर रही है। आगामी 10 अप्रैल को सज्जाओ पिपलू में आयोजित किए जा रहे जनरल हाउस में अंतिम रूप दिया जाएगा।
धर्मपुर में आयोजित धर्मपुर तहसील के क्षेत्रीय सम्मेलन की अध्यक्षता रजनी सकलानी, रजनीश हाजरी और बबली देवी ने की। एफपीओ के सचिव भूपेंद्र सिंह ने इसका उद्घाटन किया। बताया कि इस माह के अंत तक पांच क्षेत्रीय कमेटियां गठित की जा रही हैं। अब मशरूम की खेती और बरसात में मौसमी फलों के पौधे लगाने बारे प्लान तैयार किया जा रहा है। वहीं, प्रबंधक मंडल के सदस्य सतपाल सिंह चौहान ने कहा कि शिवा परियोजना के साथ भी समन्वय स्थापित किया जाएगा। किसानों को समय पर अच्छी गुणवत्ता के बीज, खाद और कृषि उपकरण भी मुहैया कराने के लिए सजाओ में सुविधा केंद्र स्थापित किया जाएगा। वित्त वर्ष 2024-25 पचास लाख तक का कारोबार करने की योजना तैयार की गई है।
तहसील कमेटी में बबली देवी चुनीं प्रधान
शनिवार को तहसील कमेटी का गठन किया गया। जिसमें बबली देवी को प्रधान, रजनीश हाजरी को वरिष्ठ उपप्रधान, फुलां देवी को उपप्रधान, मंजू देवी को महासचिव, ज्योति देवी को सचिव और रजनी सकलानी को कोषाध्यक्ष बनाया गया। अनिता पराशर, राजेंद्र सिंह, देशराज कटवाल, सीमा, रीबना देवी, अमृता देवी, दीपा हाजरी, तेजा ठाकुर, पवना देवी, रीनू और चंपा देवी को कार्यकारिणी चुना गया। धर्मपुर क्षेत्र में अगले फसल सीजन में हल्दी और मोटे अनाज के 20 क्लस्टर चयनित करके पैदावार बढ़ाने की योजना बनाई गई। जिसके लिए किसानों को बीज उपलब्ध करवाया जाएगा।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.