जेपी नड्डा का भाजपा अध्यक्ष बनना तय!
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
दिल्ली के तख्त पर नरेंद्र मोदी की ताजपोशी के बाद अब भाजपा में बड़े फेरबदल की तैयारी है। राजनाथ सिंह के गृहमंत्री बन जाने के बाद अब जल्दी ही पार्टी महासचिव जेपी नड्डा को भाजपा की कमान सौंपी जा सकती है।
हालांकि अमित शाह और ओम माथुर भी अध्यक्ष पद की दौड़ में शामिल हैं। लेकिन इनके बावजूद जेपी नड्डा का दावा सबसे मजबूत माना जा रहा है।
प्रदेश भाजपा इकाई भी नड्डा के अध्यक्ष बनने की उम्मीद लगा रही है। फिलहाल पार्टी में फेरबदल को लेकर राजनाथ सिंह और संघ नेताओं के बीच बातचीत जारी है।
अमित शाह लोकसभा में तो नड्डा का रास्ता साफ
इधर, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को जल्दी ही लोकसभा की एक सीट खाली करनी है। वे पहले ही संकेत दे चुके हैं कि लोकसभा में वाराणसी का प्रतिनिधित्व करते रहेंगे।
सूत्रों का कहना है कि मोदी वडोदरा सीट से अपने करीबी अमित शाह को लोकसभा ला सकते हैं। इस तरह शाह दिल्ली में रहकर संगठन का कामकाज देखते रहेंगे।
यदि शाह चुनाव के जरिए लोकसभा जाते हैं तो फिर नड्डा ही पार्टी की कमान संभालेंगे। शाह को पार्टी की कमान सौंपने में एक ही दिक्कत है कि वे भी गुजरात से हैं। इसलिए नड्डा को कमान सौंपा जाना लगभग तय है।
ऐसे खुला नड्डा के लिए रास्ता
दरअसल, राजनाथ के अलावा पार्टी उपाध्यक्ष उमा भारती, जुएल उरांव व स्मृति ईरानी समेत कई पदाधिकारी अब मोदी सरकार में मंत्री बन चुके हैं।
पार्टी के मुख्य मीडिया समन्वयक रविशंकर प्रसाद, प्रवक्ता प्रकाश जावडेकर और निर्मला सीतारमन भी सरकार में जा चुके हैं। इसलिए इन सभी पदों के लिए नये नाम तलाशने शुरू हो गए हैं।
वर्ष 1998 से सबक लेते हुए भाजपा इस बार संगठन को अभी से दुरुस्त रखना चाहती है। वैसे भी भाजपा को इसी साल हरियाणा और महाराष्ट्र के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस से भिड़ना है।
नड्डा से हिमाचल भाजपा होगी और मजबूत
जेपी नड्डा के भाजपा अध्यक्ष बनने से हिमाचल की भाजपा इकाई और मजबूत होगी। पार्टी भले ही इस बार चारों लोकसभा सीटें जीतने में कामयाब हुई हो लेकिन नड्डा के अध्यक्ष बनने से पार्टी में और जोश बढ़ेगा।
नड्डा भाजपा महासचिव बनने से पहले हिमाचल की भाजपा सरकार में मंत्री भी रह चुके हैं। इसके अलावा वे हिमाचल में एबीवीपी के सबसे सक्रिय कार्यकर्ता रहे हैं। उन्हें कई बार एबीवीपी का मुखिया भी बनाया गया।
राज्यसभा सांसद नड्डा को लेकर जारी चर्चा से एबीवीपी भी खासी उत्साहित लग रही है।