हिमाचल: जयराम ठाकुर बोले- युवाओं की पीठ में छुरा घोंप रही सुक्खू सरकार, चहेतों को बांटी जा रही रेवड़ियां
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि सेवानिवृत्त अधिकारियों को 40 हजार से लेकर 80 हजार रुपये तक का भारी-भरकम वेतन देकर सरकारी खजाने पर बोझ डाल रही है। वहीं, पढ़े लिखे बच्चों का भविष्य खराब हो रहा है। पढ़ें पूरी खबर...
विस्तार
जयराम ठाकुर ने सवाल उठाया कि एक ओर प्रदेश का युवा दिन-रात मेहनत कर भर्ती परीक्षाओं की तैयारी कर रहा है और कई अभ्यर्थी आयु सीमा लांघने की कगार पर हैं, वहीं दूसरी ओर सरकार सेवानिवृत्त अधिकारियों को 40 हजार से लेकर 80 हजार रुपये तक का भारी-भरकम वेतन देकर सरकारी खजाने पर बोझ डाल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि यह कदम केवल अपने "खास मित्रों" और चहेतों को लाभ पहुँचाने के लिए उठाया गया है। इसमें पढ़े लिखे बच्चों का भविष्य ही अंधकार मय हो गया है।
नेता प्रतिपक्ष ने सरकार को घेरते हुए कहा कि सुक्खू सरकार न केवल जनता को, बल्कि देश की न्यायपालिका को भी गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने हाल ही में माननीय उच्च न्यायालय द्वारा सरकार पर लगाए गए 50 हजार रुपये के जुर्माने का जिक्र करते हुए कहा कि अदालत की नाराजगी यह स्पष्ट करती है कि सरकार के पास न तो कोई विजन है और न ही वह प्रदेश के गंभीर मुद्दों के प्रति ईमानदार है। गलत जानकारी देकर अदालत को भ्रमित करना बेहद चिंताजनक है।
भर्तियों पर लगा 'ताला', युवा सड़कों पर
जयराम ठाकुर ने चयन आयोगों को बंद कर भर्ती प्रोसेस रोकने और लंबित भर्तियों के मुद्दे पर सरकार को आड़े हाथों लिया। उन्होंने कहा कि चयन प्रक्रिया को रोककर सरकार ने पहले ही युवाओं का मनोबल तोड़ दिया है और अब पुनर्नियुक्तियों का यह नया सिलसिला बेरोजगारों के जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि आम घरों के बच्चे सड़कों पर धक्के खा रहे हैं, जबकि सत्ता सुख भोग रहे लोग अपनों को उपकृत करने में व्यस्त हैं।
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को सीधी चेतावनी देते हुए जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल का युवा अब इस धोखे को और बर्दाश्त नहीं करेगा। उन्होंने मांग की कि सरकार इस 'जनविरोधी' नीति को तुरंत वापस ले और पारदर्शी तरीके से नई भर्तियों के द्वार खोले। उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि सरकार ने अपना रवैया नहीं बदला, तो भारतीय जनता पार्टी युवाओं के हक के लिए सड़क से लेकर सदन तक उग्र आंदोलन छेड़ने से पीछे नहीं हटेगी। जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस ने झूठ के सहारे सत्ता हासिल की थी, लेकिन अब वही झूठ उसके गले की फांस बनता जा रहा है क्योंकि जनता अब हकीकत जान चुकी है।