Himachal: सेना के जवानों को मुफ्त बाॅर्डर तक पहुंचाएगी टैक्सी यूनियन, किया मदद का एलान
शूलिनी टैक्सी यूनियन सोलन ने भी इसमें सैनिकों की मदद करने का निर्णय लिया है। यूनियन के चालक जो भी सैनिक छुट्टी आए थे, उन्हें निशुल्क उनके ड्यूटी स्थल तक पहुंचाएंगे।
विस्तार
भारत-पाकिस्तान के बीच चल रहे तनाव के बीच सभी लोग सेना की मदद को आगे आ रहे हैं। शूलिनी टैक्सी यूनियन सोलन ने भी सैनिकों की मदद करने का निर्णय लिया है। यूनियन के चालक जो भी सैनिक छुट्टी आए थे, उन्हें निशुल्क उनके ड्यूटी स्थल तक पहुंचाएंगे। यूनियन के प्रधान कमल कुमार ने कहा कि सैनिक उनसे संपर्क कर सकते हैं। यूनियन उनकी सेवा में दिन रात तैयार है। सैनिकों को उनके ड्यूटी स्थल पर टैक्सी यूनियन मुफ्त पहुंचाएगी। भारत-पाक संघर्ष के बीच सैनिक देश की रक्षा कर रहे हैं तो यूनियन उन्हें ये सुविधा दे रही है। शनिवार को हिमाचल टैक्सी यूनियन सोलन ने भी मुफ्त टैक्सी उपलब्ध करवाने का एलान किया है। यूनियन के अध्यक्ष कमल कुमार ने कहा कि आज भी सेना के जवानों को लेकर दो गाड़ियां भेजी गई थीं। इसमें से एक गाड़ी पिंजाैर तक भेजी गई।
सेना की मदद को ट्रक यूनियन भी आईं आगे
ट्रक यूनियन नालागढ़ ने एलान किया है कि जरूरत पड़ने पर वह ट्रक सेना के काम के लिए देगी। यूनियन प्रधान हरभजन चौधरी व महासचिव दिनेश कौशल ने कहा कि सेना को सामान एक स्थान से दूसरे स्थान पर ले जाने की जरूरत पड़ी तो यूनियन बिना भाड़े के ट्रक देने को तैयार है। वहीं 3600 ट्रकों वाली बिलासपुर ट्रक ऑपरेटर परिवहन सहकारी सभा ने भी सेना को मदद देने का एलान किया है।
कुफरी के पर्यटन कारोबारी करेंगे रक्तदान
उधर, शनिवार को शिमला के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल कुफरी के पर्यटन कारोबारियों ने सामूहिक रूप से महासू पीक पर बैठक कर भारतीय सेना के लिए रक्तदान करने का फैसला लिया। एसोसिएशन के अध्यक्ष श्याम ठाकुर और महासचिव राहुल झीना ने बताया कि आपदा की इस घड़ी में कुफरी के पर्यटन कारोबारी भारतीय सेना के साथ हैं। हम सीमाओं पर नहीं जा सकते लेकिन सेना के लिए रक्तदान कर अपनी भूमिका निभाएंगे। सेना का मनोबल बढ़ाने के लिए हम हर प्रयास करेंगे। कुफरी के सभी पर्यटन कारोबारी आपस में पैसे इक्कट्ठे कर भारतीय सेना के लिए भेजेंगे।