{"_id":"66879b39b3d80c47f7058916","slug":"income-tax-department-raid-on-houses-and-business-premises-of-businessmen-in-naidun-continues-for-the-second-d-2024-07-05","type":"story","status":"publish","title_hn":"हिमाचल: आयकर विभाग की टीम ने खंगाले बैंक खाते, आभूषणों की जांच के लिए जौहरी बुलाए","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
हिमाचल: आयकर विभाग की टीम ने खंगाले बैंक खाते, आभूषणों की जांच के लिए जौहरी बुलाए
Fri, 05 Jul 2024 12:36 PM IST
Krishan Singh
संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर
संवाद न्यूज एजेंसी, हमीरपुर
Published by: Krishan Singh
Updated Fri, 05 Jul 2024 12:36 PM IST
सार
हमीरपुर जिले के नादौन में आयकर विभाग की तीन कारोबारियों के घरों और व्यापारिक ठिकानों पर छापामारी दूसरे दिन भी जारी है।
विज्ञापन
नौदान में आईटी की दबिश।
- फोटो : संवाद
विस्तार
हमीरपुर जिले के नादौन के तीन कारोबारियों पर आयकर विभाग की रेड शुक्रवार को भी जारी रही। रेड के दौरान आयकर की टीम ने कारोबारियों और उनके परिवारों के आभूषणों और बैंक खातों की जानकारी को खंगाला है। टीम के कुछ अधिकारी बैंक खातों की जांच के लिए स्थानीय बैंक शाखाओं तक भी पहुंचे हैं। अधिकारियों की ओर से कार्रवाई की कोई आधिकारिक जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई। टीम के अधिकारियों ने कारोबारियों की बैंक खातों की बैंक शाखाओं में जाकर विस्तृत जानकारी जुटाई है। एक कारोबारी के घर आभूषणों की जांच के लिए जौहरी बुलाए गए हैं। हालांकि, इन कारोबारियों के घरों और व्यापारिक प्रतिष्ठानों से क्या कुछ बरामद हुआ है इसे लेकर संशय बना हुआ है।
विज्ञापन
आयकर विभाग की टीम ने बीते वीरवार को ही कारोबारियों के लैपटॉप, मोबाइल और कंप्यूटर जब्त कर लिए थे। इन सभी की जांच भी रेड के दौरान की जा रही है। पिछले 38 घंटों से लगातार अधिकारियों की गाड़ियों की लोकेशन बदल रही है लेकिन रेड लगातार जारी है। रेड को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों में भी हड़कंप मचा हुआ है। चुनावों के दौरान आईटी की रेड की सियासी गलियारों में खूब चर्चा हो रही है। टीम ने एक कारोबारी के क्रशर पर लगातार दूसरे दिन जांच की है। इन कारोबारियों के घर और कार्यालय भरमोटी में स्थित है। एक कारोबारी ए श्रेणी का ठेकेदार है जबकि एक होटलियर है। एक कारोबारी के क्रशर और कंस्ट्रकशन का कारोबार है।
विज्ञापन
होटलियर के घर पर जांच पूरी कर ली गई है। जबकि अधवानी में स्थित क्रशर मालिक के कुछ सहयोगियों को जांच के घेरे में लिया गया है तथा उनसे भी पूछताछ की जा रही है। इन सहयोगियों के घरों पर टीम ने जांच की है। इस जांच के दायरे में कारोबारियों के कर्मचारी भी लिए गए हैं। यह रेड वीरवार सुबह छह बजे शुरू हुई थी। इस दौरान एक दर्जन से अधिक गाडिय़ों में सवार होकर आईटी के अधिकारियों ने एक साथ कारोबारियों के प्रतिष्ठानों और घरों पर दबिश दी थी। दूसरे दिन भी रेड के ठेके, क्रशर और होटल से जुड़े दस्तावेजों को टीम ने कब्जे में लिया है।
विज्ञापन