सिरमौर: जंगलों में अवैध शराब का भंडाफोड़, 1850 लीटर लाहन की नष्ट
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा में वन विभाग की टीम ने टोका लाई जंगल में छापा मारा। इस दौरान अवैध शराब की 3 भट्ठियां और 9 ड्रमों में भरी 1850 लीटर लाहन को नष्ट किया। इसके अलावा तैयार 100 लीटर कच्ची शराब को भी नष्ट किया। पांवटा वन विभाग ने जनवरी 2021 में ही तीसरी बड़ी कार्रवाई की है। इसी माह वन क्षेत्रों में तीन मामलों में अवैध शराब की 15 भट्ठियां, 35 ड्रमों में रखी 4950 लीटर लाहन नष्ट की जा चुकी है। वन परिक्षेत्रात्रिकारी सुप्रभात ठाकुर की टीम में वन खंड अधिकारी सुमंत ठाकुर, वन रक्षक रतन सिंह, सुरजीत सिंह, रणवीर सिंह, अनिल कुमार और वन कर्मी हरिचंद शामिल हैं। टीम ने वन क्षेत्र के अवैध शराब स्थलों पर मंगलवार को कार्रवाई शुरू की। टीम ने टोका और लाई के जंगल में अवैध शराब निर्माण में जुटी 3 भट्ठियों, 3 ड्रमों में रखी 1850 लीटर लाहन पकड़ी। मौके पर ही वन विभाग की टीम ने 3 मेटल के बंटे में रखी करीब 100 लीटर तैयार अवैध कच्ची शराब भी बरामद की।
अवैध शराब और लाहन को मौके पर नष्ट कर दिया गया है। गौरतलब है कि वन विभाग को जनवरी में ही यह तीसरी बड़ी सफलता मिली है। 3 जनवरी को वन खंड अधिकारी सुमंत कुमार की टीम ने खारा, लाई कुकड़ों जंगल में अवैध शराब की 8 भट्ठियां, 17 ड्रमों में रखी 2,050 लीटर लाहन नष्ट की थी। इसके बाद 17 जनवरी को वन परिक्षेत्राधिकारी सुप्रभात ठाकुर की टीम ने छापा मारा था। खारा के जंगल में वन टीम ने अवैध शराब की 4 भट्ठियों, 9 ड्रमों में रखी 1,050 लीटर लाहन को नष्ट किया था। मंगलवार 26 जनवरी को वन परिक्षेत्राधिकारी की टीम ने तीसरी बड़ी सफलता हासिल की है। डीएफओ पांवटा साहिब कुनाल अंग्रीश ने कहा कि वन क्षेत्रों में अवैध नशा के खिलाफ मुहिम जारी रहेगी। वन परिक्षेत्राधिकारी की विभागीय टीम ने टोका-लाई वन में मौके पर अवैध शराब की भट्ठियों, लाहन और शराब को नष्ट कर दिया है।