Lahul: कुल्लू-केलांग मार्ग पर बर्फ की कई फुट ऊंची दीवारों के बीच से निकली एचआरटीसी बस, देखें शानदार वीडियो
केलांग से कुल्लू के लिए शनिवार को परिवहन निगम की बस सेवा शुरू हो गई। 53 दिन बाद निगम की बस केलांग से कुल्लू के लिए दौड़ी। 29 जनवरी को बर्फबारी के बाद निगम ने बस सेवा बंद कर दी थी।
विस्तार
केलांग से कुल्लू के लिए शनिवार को परिवहन निगम की बस सेवा शुरू हो गई। 53 दिन बाद निगम की बस केलांग से कुल्लू के लिए दौड़ी। 29 जनवरी को बर्फबारी के बाद निगम ने बस सेवा बंद कर दी थी। बार-बार मौसम की खराबी के चलते निगम ने बस सेवा शुरू ही नहीं की। कुछ समय से सड़क पर छोटे वाहन की चल रहे थे। ऐसे में लोगों को केलांग से कुल्लू के लिए मजबूरन छोटे वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा था। टैक्सी में प्रति किराया 700 से 800 रुपये लिया जाता है। मगर शनिवार से बस सेवा शुरू होने से अब लोग 246 रुपये किराये में केलांग से कुल्लू पहुंच सकेंगे।
शनिवार को एचआरटीसी के केलांग डिपो ने सुबह कुल्लू-केलांग के बीच 37 सीटर बस का ट्रायल किया। ट्रायल सफल होने के बाद दोपहर बाद ही केलांग से कुल्लू के लिए बस सेवा शुरू कर दी गई। केलांग डिपो के इंस्पेक्टर जसवंत ठाकुर ने चालक और परिचालक के साथ बस का ट्रायल किया। इससे पहले निगम ने शुक्रवार को कुल्लू से केलांग के लिए 47 सीटर बस ट्रायल किया, मगर सिस्सू नर्सरी के पास सड़क की बदहाली से ट्रायल कामयाब नहीं हो पाया था। इस कारण शनिवार को 37 सीटर बस से ट्रायल सफल किया गया। ट्रायल सफल होते ही घाटी के लोगों ने भी राहत की सांस ली। अब लोग निगम की बसों में सफर कर सकेंगे। एचआरटीसी केलांग डिपो के क्षेत्रीय प्रबंधक राधा देवी ने बताया कि शनिवार को कुल्लू और केलांग के लिए बस ट्रायल सफल रहा। अब निगम ने नियमित बस सेवा को शुरू कर दिया है।
ये रहेगा शेड्यूल
कुल्लू-मनाली और केलांग के बीच चलने वाली बसों का एचआरटीसी केलांग ने शेड्यूल जारी कर दिया है। कुल्लू से केलांग के लिए पहली बस सुबह 7:18 बजे चलेगी। मनाली से केलांग के लिए दोपहर 1:30 बजे बस का संचालन होगा। केलांग से मनाली के लिए बस सुबह 10:00 बजे और दूसरी बस केलांग से कुल्लू के लिए दोपहर 1:30 बजे चलेगी।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.