Kangra: चामुंडा से वृंदावन भेजी बस पर पंजाब में पथराव, फ्रंट शीशा टूटा, बाइक सवारों ने किया हमला; यात्री सेफ
श्री चामुंडा नंदिकेश्वर धाम से वृंदावन धाम के लिए शुरू की गई एचआरटीसी की हिमधारा बस पर पंजाब के नंगल में तीन बाइक सवारों ने चलती बस पर हमला कर दिया।
विस्तार
कांगड़ा के चामुंडा से वृंदावन के लिए शुरू की गई एचआरटीसी की बस पर बुधवार रात पंजाब के नंगल और आनंदपुर साहिब के बीच भानुपल्ली में दो बाइक सवारों ने पथराव कर दिया। पथराव से बस का फ्रंट शीशा टूट गया है। हालांकि, यात्रियों और बस चालक को कोई चोट नहीं आई है। बस सुरक्षित वृंदावन पहुंच गई है। परिवहन निगम ने इस हमले के लिए नंगल पुलिस थाना में दो अज्ञात लोगों के खिलाफ केस दर्ज करवाकर जांच की मांग उठाई है। घटना रात करीब 11:30 बजे के करीब पेश आई।
हमले के दौरान चालक ने सूझबूझ दिखाई और बस को नहीं रोका। इस दौरान बाइक सवार मौके से भाग गए। बस में सवार अविनाश ठाकुर ने बताया कि वह वह फ्रंट सीट पर बैठे थे। पथराव में बस का फ्रंट शीशा टूटने से सवारियों में दहशत का माहौल बन गया था। अंधेरे में बाइक सवार फरार भाग गए। उधर, एचआरटीसी मंडल धर्मशाला के डीएम पंकज चड्ढा ने बताया कि अज्ञात हमलावरों के खिलाफ नंगल थाना में मामला दर्ज करवाया है। बस की सवारियां वृंदावन सुरक्षित पहुंच गईं हैं। चामुंडा नंदिकेश्वर धाम से बुधवार दोपहर बाद 3:20 बजे यह बस पहली बार वृंदावन के लिए रवाना हुई। पहले दिन करीब 10 यात्री यहां से वृंदावन के लिए रवाना हुए थे। पर्यटन निगम के अध्यक्ष आरएस बाली ने बस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इससे पहले भी पंजाब जाने वाली निगम की बसों पर पथराव के मामले सामने आ चुके हैं। कई दिन तक निगम ने रात्रि बस सेवा बंद कर दी थी।
यात्री ने सुनाई आपबीती
बस में सवार यात्री अविनाश ठाकुर ने कहा कि वह बस की फ्रंट सीट पर बैठे थे और रात लगभग 11:00 बजे एक बाइक पर सवार तीन युवकों में से बीच में बैठे युवक ने बस पर पथराव कर दिया। इससे बस के सामने वाला शीश टूट गया। अविनाश ठाकुर ने कहा कि इस वारदात के बाद बस में सवार श्रद्वालुओं में दहशत का माहाैल बन गया था। जब तब चालक बस को ब्रेक लगाकर रोकता तब तक अंधेरे का फायदा उठाकर तीनों बाइक सवार फरार हो चुके थे। अविनाश ने कहा कि इसकी जानकारी एचआरटीसी के क्षेत्रीय अधिकारी को फोन पर दी। इसके बाद बस वृंदावन के लिए रवाना हो गई थी। थाना प्रभारी श्री आंनदपुर साहिब व नंगल से संपर्क किया तो उन्होंने कहा कि उनके पास इस तरह की कोई शिकायत नहीं मिली।