बस ने कुचली महिला, हाइवे पर बवाल, एसएचओ समेत दो सस्पेंड
हिमाचल के रामपुर बाजार के नजदीक मंगलवार सुबह 9:30 बजे मोटरसाइकिल पर सवार दंपति हादसे का शिकार हो गए। हादसे में पत्नी का सिर बस के टायर के नीचे आने से उसकी मौत हो गई। पति को जख्मी हालत में अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंच कर शव कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम करवाने के बाद परिजनों को सौंपा। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा उस समय हुआ जब रचोली निवासी विद्यासागर अपनी पत्नी रामपति (48) के साथ मोटरसाइकिल (06ए1237) पर रामपुर बाजार से गुजर रहे थे। इस दौरान अचानक सामने से बैल आ जाने पर वह उलट दिशा में घूम गए।
इससे दूसरी तरफ सराहन से कालका जा रही बस से बाइक टकरा गई। इससे पत्नी का सिर बस (एचपी 67एक2732) के टायर के नीचे आ गया और उसने दम तोड़ दिया। घायल विद्यासागर को तत्काल खनेरी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया। उसकी हालात को गंभीर देखते हुए आईजीएमसी शिमला के रेफर कर दिया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर छानबीन कर दी है।
महिला की मौत के बाद से शाम साढ़े छह बजे परिजनों ने रामपुर थाने का घिराव किया। इसके चलते दो घंटे तक एनएच पर जमकर हंगामा हुआ। महिला की मौत से खासे नाराज लोग रामपुर थाना पुलिस की कार्यप्रणाली से उखड़े।
पुलिस की कार्यप्रणाली से नाराज मृतक के परिजनों और स्थानीय लोगों ने करीब एक घंटे तक एनएच पांच पर चक्का जाम किया। चक्का जाम करने वालों में महिलाएं भी खासी संख्या में शामिल रहीं। लोगों ने मांग की कि दोषी पुलिस अधिकारियों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई की जाए।
लोग एचआरटीसी के दोषी चालक को गिरफ्तार करने की मांग कर रहे थे। एनएच में चक्का जाम होने की सूचना मिलते ही रामपुर के एसडीएम निशांत ठाकुर, डीएसपी सोमदत्त, आरएम जगरनाथ और रामपुर थाना पुलिस के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे।
लोगों को मनाने का काफी देर तक प्रयास करते रहे। इसके बाद भी जब लोगों ने चक्का जाम रखा तो एसडीएम और पुलिस अधिकारी थाने के अंदर चले गए। स्थानीय प्रशासन और पुलिस के खिलाफ नाराज लोगों ने जमकर नारेबाजी की। करीब एक घंटे तक नेशनल हाईवे पर वाहनों की आवाजाही ठप रही। बाद में ट्रैफिक खुलवाया गया।
वहीं देर शाम थाना प्रभारी समेत जांच अधिकारी को सस्पेंड कर दिया गया है। एसपी शिमला डीडब्ल्यू नेगी ने लोगों की मांग पर दोनों को सस्पेंड कर दिया। साथ ही इस मामले में तुरंत रिपोर्ट तैयार करने के निर्देश जारी किए गए हैं।