HRTC BOD Decisions: 1,000 नई बसें, 189 भर्तियां होंगी; दूध और सब्जी भेजने पर नहीं लगेगा टिकट; जानें सभी फैसले
एचआरटीसी के निदेशक मंडल की बैठक मंगलवार को उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री की अध्यक्षता में होटल हॉलीडे होम में हुई। बैठक में कई बड़े फैसले लिए गए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) के बेड़े में इस वित्त वर्ष के अंत तक 1,000 नई बसें शामिल होंगी। वहीं, निगम की कार्यप्रणाली में सुधार के लिए 189 नई भर्तियां की जाएंगी। इनमें 177 जेओआईटी और 12 कंप्यूटर ऑपरेटर शामिल हैं। मंगलवार को निगम के निदेशक मंडल की बैठक में बसों की खरीद और भर्तियों को स्वीकृति दी गई।
उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने बीओडी में लिए फैसलों की जानकारी देते हुए बताया कि निगम ने लगेज पॉलिसी में बदलाव करते हुए बसों में घरेलू इस्तेमाल के लिए बिना यात्री दूध और सब्जी भेजने पर टिकट न काटने का फैसला लिया है। शिमला का ढली और ठियोग बस अड्डा जल्द जनता को समर्पित किया जाएगा। 327 इलेक्ट्रिक बसें खरीदने की प्रक्रिया अंतिम चरण में है। 250 डीजल बसें भी खरीदी जाएंगी, जो 32 से 34 सीटर होंगी। सरकार ने खरीद के लिए सहमति जताई है। 100 टेंपो ट्रैवलर खरीदने के लिए भी निगम ने मंजूरी दे दी है। 24 नई वोल्वो खरीदने के लिए जल्द दोबारा टेंडर होंगे। बसों पर अब नशीले पदार्थों के नए विज्ञापन नहीं लगेंगे। पिछली सरकार का अनुबंध था जिसके कारण बसों पर विज्ञापन लगे हुए हैं। इस साल अप्रैल के बाद निगम की आय में 66 करोड़ की बढ़ोतरी हुई है जो करीब 14 फीसदी अधिक है।
चंबा में 13 करोड़ से बनेगा बस अड्डा
पालमपुर बस अड्डे में बनी पार्किंग संचालन के लिए पर्यटन विभाग को दी जाएगी। चंबा में 13 करोड़ से बस अड्डा बनेगा। ऊना का पुराना बस अड्डा पीपीपी आधार पर बनेगा। मंडी, भराड़ी और बिलासपुर में बस अड्डों के साथ व्यावसायिक परिसर बनेंगे। 148 बस परमिट निजी ऑपरेटरों को दिए हैं। जब तक निजी ऑपरेटर बसें नहीं चलाते हैं, तब तक रूटों पर निगम की बसें चलती रहेंगी। ऊना और हमीरपुर में ऑटोमेटिक टेस्टिंग स्टेशन और स्क्रैपिंग यूनिट बनेंगे।
96 जगहों पर बनेंगे चार्जिंग स्टेशन
प्रदेश में 96 स्थानों पर चार्जिंग स्टेशन बनेंगे। 45 लोकेशन चयनित कर ली गई है। दिसंबर तक चालक परिचालकों को नाइट ओवरटाइम का भुगतान किया जाएगा, इसके लिए सरकार 50 करोड़ जारी करेगी। गंभीर रूप से बीमार कर्मचारी के इलाज अथवा बच्चों की शादी के लिए प्रबंध निदेशक 2 लाख तक मंजूरी दे सकेंगे।
कैबिनेट में जाएगा टूटीकंडी, मैक्लोडगंज और कांगड़ा बस अड्डे का मामला
बीओडी में फैसला लिया गया है कि शिमला के टूटीकंडी आईएसबीटी, मैक्लोडगंज और कांगड़ा बस अड्डे का पूरा विवरण मंत्रिमंडल की बैठक में रखा जाएगा। टूटीकंडी आईएसबीटी प्रबंधन ने प्रस्ताव दिया है कि अगर सरकार 82 करोड़ कंपनी देती तो वह बस अड्डा छोड़ देगी। मैक्लोडगंज और कांगड़ा बस अड्डे के भी निगम को 25 करोड़ जमा करवाने के आदेश जारी हुए हैं।