भारत-पाक मैच के बाद धर्मशाला को एक और बड़ा झटका
- धर्मशाला को फिर झटका, नहीं मिला एक भी आईपीएल मैच
- भारत-पाक मैच पर विवाद के बाद फ्रेंचाइजी ने कहा- नहीं ले सकते रिस्क
- धर्मशाला को घरेलू मैदान मानने वाली पंजाब किंग्स इलेवन ने भी मोड़ा मुंह
- मुंबई में 9 अप्रैल को होगा आईपीएल टूर्नामेंट का शुभारंभ, कुल 60 मैच होंगे
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
भारी विरोध के बाद टी-20 क्रिकेट वर्ल्ड कप का भारत-पाक मैच कोलकाता शिफ्ट होने के बाद धर्मशाला को अब एक और झटका लगा है। 9 अप्रैल को मुंबई से शुरू हो रहे आईपीएल टूर्नामेंट 2016 के 60 में से एक भी मैच धर्मशाला को नहीं मिला है।
आईपीएल गवर्निंग बॉडी की बैठक में सभी फ्रेंचाइजी ने धर्मशाला में मैच करवाने से इंकार कर दिया है। दो टूक कहा गया है कि धर्मशाला वेन्यू पर रिस्क नहीं ले सकते। यहां तक कि धर्मशाला को अपना घरेलू मैदान मानने वाली पंजाब किंग्स इलेवन ने भी धर्मशाला से मुंह मोड़ लिया है।
एचपीसीए के प्रवक्ता संजय शर्मा ने आईपीएल शेड्यूल में धर्मशाला को नकारने पर दुख जताया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस की ओर से विश्व कप के भारत-पाक मैच पर बेवजह विवाद पैदा करने के चलते धर्मशाला की ओर किसी भी फ्रेंचाइजी ने तवज्जो नहीं दी।
आईपीएल मैच छिनना दुर्भाग्यपूर्ण: अनुराग
बीसीसीआई सचिव एवं एचपीसीए अध्यक्ष अनुराग ठाकुर ने आईपीएल मैच छिनने को दुर्भाग्यपूर्ण करार दिया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह हिमाचल की छवि खराब करना चाहते हैं। खेलों पर मुख्यमंत्री के नकारात्मक रवैये से हिमाचल में खेलों को नुकसान हो रहा है। भारत पाक मैच पर मुख्यमंत्री के रवैये का हिमाचल को खामियाजा भुगतना पड़ा है। अब आईपीएल की मेजबानी भी हाथ से निकल गई।
ममता ने दिया सुरक्षा का भरोसा- पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता के ईडन गार्डन मैदान में 19 मार्च को होने वाले भारत-पाकिस्तान टी-20 क्रिकेट मैच के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम का भरोसा दिया है। सीएम ने बंगाल क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष सौरव गांगुली से कहा है कि सरकार मैच के लिए सुरक्षा से जुड़े सारे इंतजाम करेंगी। सौरव इस बारे में आईसीसी और बीसीसीआई को भी बता दें।