HP Budget Session: धनीराम शांडिल बोले- 2.42 लाख महिलाओं को इसी माह से मिलेंगे 1500 रुपये
प्रदेश में 2.42 लाख महिलाओं को इसी महीने से प्रतिमाह 1500-1500 रुपये मिलना शुरू हो जाएंगे। कांग्रेस विधायक चैतन्य शर्मा के सवाल का जवाब देते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने यह जानकारी दी।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में 2.42 लाख महिलाओं को इसी महीने से प्रतिमाह 1500-1500 रुपये मिलना शुरू हो जाएंगे। स्पीति से जून 2023 से शुरू हुई महिला सम्मान निधि योजना अब लाहौल और उदयपुर में भी शुरू कर दी गई है। प्रतिमाह 1000 और 1150 रुपये की सामाजिक सुरक्षा पेंशन लेने वाली महिलाएं भी योजना में शामिल कर दी गई हैं। इस माह से इन्हें भी 1500 रुपये मिलेंगे। गुरुवार को कांग्रेस विधायक चैतन्य शर्मा के सवाल का जवाब देते हुए सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल ने यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि 1 फरवरी से इन पात्र महिलाओं को लाभ दिया जाएगा। प्रदेश की अन्य पात्र महिलाओं को भी जल्द चरणबद्ध तरीके से प्रतिमाह 1500-1500 रुपये दिए जाएंगे। विधायक सुधीर शर्मा के सवाल का लिखित जवाब देते हुए शांडिल ने बताया कि प्रदेश में सुख आश्रय योजना के तहत 15 जनवरी 2024 तक विभिन्न मदों के तहत कुल 3926 बच्चे लाभान्वित हुए हैं।
योजना के तहत 7,53,54,062 रुपये की धनराशि व्यय हुई है। प्रदेश में 60 वर्ष से अधिक आयु के 6,37,785 लोगों को सामाजिक सुरक्षा पेंशन मिल रही है। एक जनवरी 2023 से 15 जनवरी 2024 तक 71,248 पात्र लोगों को सरकार द्वारा सामाजिक सुरक्षा पेंशन शुरू की गई है। विधायक जनकराज के सवाल का जवाब देते हुए शांडिल ने बताया कि 2011 की जनगणना के अनुसार प्रदेश में दिव्यांगों की संख्या 1,55,316 है। जिन दिव्यांगजनों ने प्रदेश सामाजिक सुरक्षा नियम 2010 के तहत दिव्यांग राहत भत्ता प्राप्त करने के लिए आवेदन किया है, उन सभी पात्र दिव्यांगजनों को चरणबद्ध तरीके से सामाजिक सुरक्षा पेंशन प्रदान की जा रही है। जनवरी 2024 तक 40 प्रतिशत या इससे अधिक दिव्यांगता वाले 74,551 व्यक्तियों को दिव्यांग राहत भत्ता प्रदान किया जा रहा है।
प्रदेश में एसटी जनसंख्या का अनुपात 5.71 प्रतिशतजनजातीय विकास मंत्री जगत सिंह नेगी ने बताया कि प्रदेश की कुल जनसंख्या में से अनुसूचित जनजाति जनसंख्या का अनुपात 5.71 प्रतिशत है। वर्ष 2011 की जनगणना के अनुसार प्रदेश में अनुसूचित जनजाति से संबंध रखने वाले लोगों की संख्या 3,92,126 है।