हिमाचल का मौसम: लाहौल-मनाली की चोटियों पर बर्फबारी, ऊना में 37 डिग्री पहुंचा पारा
- मध्य-उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में 13 अप्रैल से मौसम खराब
- मैदानों में 15 से 17 अप्रैल तक खराब रहेगा मौसम
- 14 और 15 अप्रैल मध्य पर्वतीय जिलों में अंधड़-बारिश की चेतावनी
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में पश्चिमी विक्षोभ के सक्रिय होते ही मौसम में बदलाव आ गया है। सोमवार को लाहौल-स्पीति और मनाली की ऊंची चोटियों पर ताजा बर्फबारी हुई। शिमला सहित प्रदेश के कई क्षेत्रों में दिन भर बादल छाए रहे। मनाली और भुंतर में हल्की बूंदाबांदी हुई। मैदानी क्षेत्रों में मौसम अभी भी गर्म बना हुआ है। सोमवार को ऊना में इस सीजन का सबसे गर्म दिन रिकॉर्ड हुआ। ऊना में अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। प्रदेश के सात शहरों का अधिकतम तापमान सोमवार को 30 डिग्री से अधिक रहा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने मंगलवार से मध्य पर्वतीय क्षेत्रों शिमला, सोलन, सिरमौर, मंडी, कुल्लू, चंबा और उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर व लाहौल-स्पीति में 17 अप्रैल तक बादल बरसने का पूर्वानुमान जताया है। मैदानी जिलों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में 15 से 17 अप्रैल तक मौसम खराब रहने की संभावना है। मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में 14 और 15 अप्रैल को अंधड़ और बारिश का येलो अलर्ट जारी हुआ है। उधर, कुल्लू व लाहौल-स्पीति में मौसम ने एक बार फिर करवट बदली है। मनाली व लाहौल-स्पीति की ऊंची चोटियों पर सोमवार दोपहर बाद बर्फबारी का दौर शुरू हुआ।
लाहौल की चंद्रा घाटी में बारिश हल्की बारिश भी हुई। कुल्लू जिले में ठंडी हवाएं चलने से मौसम में ठंडक बढ़ गई है। घाटी में इन दिनों सेब की सेटिंग का समय चल रहा है। अंधड़ से सेब की फसल को नुकसान हो सकता है। सोमवार को अटल टनल रोहतांग से वाहनों की आवाजाही जारी रही। शिमला में बादल छाए रहने के साथ हल्की धूप खिली। सोमवार को प्रदेश के अधिकतम तापमान में सामान्य से दो डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई।
क्षेत्र अधिकतम तापमान
बिलासपुर 35.0
कांगड़ा-मंडी 33.0
सुंदरनगर 32.3
हमीरपुर 32.0
सोलन 31.5
चंबा 31.1
नाहन 30.6
भुंतर 29.0
धर्मशाला 25.2
शिमला 22.8
न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी
प्रदेश के न्यूनतम तापमान में तीन डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई है। रविवार रात को ऊना में सबसे अधिक 18.6, कांगड़ा में 17.8, बिलासपुर-नाहन 17.0, हमीरपुर 14.0, चंबा 14.2, शिमला 13.5, धर्मशाला 13.0, सोलन 12.6, मंडी 11.1, मनाली 17.8, डलहौजी 10.0, कल्पा 4.0 और केलांग में 0.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।