हिमाचल में दो दिन बारिश-बर्फबारी के आसार, चार डिग्री चढ़ा तापमान
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बुधवार को मौसम साफ रहा। धूप खिलने से अधिकतम तापमान में सामान्य से तीन से चार डिग्री की बढ़ोतरी दर्ज हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 21 और 22 फरवरी को प्रदेश के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों किन्नौर और लाहौल-स्पीति में बर्फबारी होने के आसार जताए हैं। बुधवार को ऊना में अधिकतम तापमान 28.2, बिलासपुर में 25.5, हमीरपुर में 25.3, कांगड़ा में 24.6, सुंदरनगर में 24.5, मंडी में 24.1, चंबा में 23.5, नाहन में 23.3, सोलन-भुंतर में 23.2, धर्मशाला में 18.8, शिमला में 16.5, कल्पा में 12.0, डलहौजी में 10.2, कुफरी में 9.4 और केलांग में 4.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, मंगलवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 7.8, कल्पा में माइनस 1.8, कुफरी में 0.8, मनाली में 1.4, मंडी में 3.1, भुंतर में 2.9, सोलन में 2.6, शिमला में 3.8, चंबा में 4.7, डलहौजी में 4.5, ऊना में 7.4 और नाहन में 12.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
दो माह बाद जलोड़ी दर्रे से बस सेवा शुरू
उधर, दिसंबर के तीसरे सप्ताह में हुई भारी बर्फबारी से बंद औट-आनी-सैंज हाईवे-305 पर बुधवार से बस सेवा शुरू हो गई है। जलोड़ी दर्रे से होकर निगम की दो बसें बाह्य सराज के लिए रवाना हुई। लंबे अरसे बाद निगम की बसों की आवाजाही होने से बाह्य सराज की 69 पंचायतों की आबादी ने राहत की सांस ली है। कुल्लू बस अड्डा से बुधवार सुबह कुल्लू-बागीपुल, कुल्लू-दलाश रूट पर बस सेवा शुरू हो गई है। ऐसे में आम लोगों को पैदल सफर करने तथा टैक्सियों में भारी भरकम किराया नहीं देना होगा। कई लोगों को वाया करसोग व शिमला होकर भी आना-जाना पड़ा है। 10280 फीट ऊंचे जलोड़ी दर्रा होकर जिला मुख्यालय कुल्लू से आधा दर्जन बस रूट चलते हैं।
करीब दो माह बाद बस सेवा बहाली से बाह्य सराज के आनी-निरमंड, रामपुर, किन्नौर, कुमारसैन तथा करसोग क्षेत्रों के लोगों का सफर आसान हो गया है। हालांकि बड़ानाला से जलोड़ी दर्रा तक सुबह के समय वाहनों के फिसलने का खतरा बना हुआ है। लाल चंद ठाकुर, जगदीश ठाकुर, तेज राम, रोहित साहसी, लीला प्रकाश, दीवान सिंह, प्रेम सिंह, उत्तम सिंह, चुनी लाल, राम लाल, केहर सिंह, श्याम लाल, बहादुर सिंह, जिप सदस्य पूर्ण ठाकुर और राजेंद्र ठाकुर ने कहा कि बस सेवा फिर शुरू होने से राहत मिली है। उधर, एचआरटीसी कुल्लू अड्डा प्रभारी टेक चंद ने कहा कि बुधवार को जलोड़ी दर्रा होकर कुल्लू-बागीपुल तथा कुल्लू दलाश बसें भेजी जा रही हैं।