Himachal Weather: अटल टनल रोहतांग- सोलंगनाला में फिर बर्फबारी,383 सड़कें और 340 बिजली ट्रांसफार्मर ठप
अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल, कोकसर, सिस्सू व टनल के साउथ पोर्टल, सोलंगनाला समेत अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज हुई।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में मौसम फिर बिगड़ गया है। लाहौल-स्पीति, कुल्लू व किन्नौर जिले के उच्च पर्वतीय क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज की गई है। अटल टनल रोहतांग के नॉर्थ पोर्टल, कोकसर, सिस्सू व टनल के साउथ पोर्टल, सोलंगनाला समेत अन्य ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी दर्ज हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार 8 व 9 मार्च को पूरे प्रदेश में मौसम साफ रहने के आसार हैं। वहीं, 10 मार्च की रात से राज्य में ताजा पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने की संभावना है। इसके प्रभाव से राज्य के कई भागों में 11 से 13 मार्च तक बारिश-बर्फबारी हो सकती है।
इस दौरान कुछ स्थानों पर अंधड़ चलने व बिजली चमकने का येलो अलर्ट जारी हुआ है। गुरुवार शाम तक प्रदेश में चार नेशनल हाईवे मनाली-लेह, आनी-कुल्लू, समदो-लोसर और दारचा-सरसू समेत 383 सड़कें, 340 बिजली ट्रांसफार्मर और 14 पेयजल योजनाएं ठप रहीं।
सोलंगनाला और अटल टनल में फिर बर्फबारी, सैलानियों ने जमकर की मस्ती
पर्यटन नगरी मनाली में मौसम का मिजाज एक बार फिर बिगड़ गया है। गुरुवार शाम को मनाली के ऊंचे इलाकों में बर्फबारी शुरू हुई। रोहतांग, अटल टनल, सोलंगनाला, कोठी में बर्फबारी हुई। इससे एक बार फिर समूची घाटी शीतलहर की चपेट में आ गई है। प्रशासन ने पर्यटकों से मौसम की स्थिति को देखकर ही यात्रा करने की अपील की है। मनाली के पर्यटन स्थल सोलंगनाला में गुरुवार को सैलानियों ने बर्फ के फाहों के बीच जमकर मस्ती की। इसके अलावा स्कीइंग अन्य साहसिक गतिविधियों का लुत्फ उठाया। बर्फबारी के बाद मनाली का सोलंगनाला पर्यटकों के लिए प्रमुख स्नो प्वाइंट बना हुआ है।
किन्नौर के ऊपरी क्षेत्रों में बर्फबारी
सड़कों से बर्फ हटाने में जुटे बीआरओ व लोक निर्माण विभाग
वहीं, लाहौल में बीआरओ व लोक निर्माण विभाग ने सड़कों की बहाली का कार्य तेज कर दिया है। लेकिन अटल टनल नॉर्थ पोर्टल से लेकर अन्य क्षेत्रों में हिमखंड गिरे हुए हैं। इससे सड़कों की बहाली में कड़ी मशक्कत करनी पड़ रही है। यदि मौसम दो दिन साफ रहता है तो लाहौल में बंद पड़ी 50 फीसदी सड़कें खुलने की उम्मीद है।
कहां कितना न्यूनतम तापमान
शिमला में न्यूनतम तापमान 4.1, सुंदरनगर 7.1, भुंतर 6.2, कल्पा -1.6, धर्मशाला 8.3, ऊना 6.5, नाहन 8.9, पालमपुर 5.0, सोलन 5.0, मनाली 2.6, कांगड़ा 8.4, मंडी 7.3, बिलासपुर 8.4, चंबा 9.8, डलहौजी 3.2, जुब्बड़हट्टी 6.9, कुफरी 2.7, कुकुमसेरी -6.8, नारकंडा 0.5, भरमौर 3.5, रिकांगपिओ 1.5, सेऊबाग 5.0, धौलाकुआं 9.3, बरठीं 6.8, पांवटा साहिब 11.0, सराहन 3.5 और देहरागोपीपुर में 11.0 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
ऊना में अधिकतम तापमान 26.6, बिलासपुर 23.6, कांगड़ा 22.5, सोलन 22.0, सुंदरनगर 20.8, नाहन20.1, मंडी19.2, धर्मशाला 18.4, भुंतर 17.9, चंबा 19.3, शिमला 13.2, मनाली 8.2, कुफरी 5.9 और कुकुमसेरी में 2.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। उधर, गुरुवार सुबह के समय कुल्लू व लाहौल में धूप खिली। दोपहर बाद मौसम का मिजाज बिगड़ने से कई क्षेत्रों में बर्फबारी हुई। मौसम खराब होने से एक बार फिर लाहौल घाटी शीतलहर की चपेट में आ गई है। प्रशासन ने मनाली आने वाले पर्यटकों से मौसम की स्थिति को देखकर ही यात्रा करने की अपील की है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.