Himachal Weather: शिमला में बूंदाबांदी, ऊंची चोटियों पर हल्की बर्फबारी, जानिए 7 फरवरी तक कैसा रहेगा माैसम
शिमला में शाम को बूंदाबांदी हुई। शनिवार को कुल्लू और लाहौल की ऊंची चोटियों में सुबह से लेकर दोपहर तक रुक-रुककर हल्की बर्फबारी होती रही।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के कई भागों में आज माैसम खराब बना हुआ है। राजधानी शिमला में शाम को बूंदाबांदी हुई। शनिवार को कुल्लू और लाहौल की ऊंची चोटियों में सुबह से लेकर दोपहर तक रुक-रुककर हल्की बर्फबारी होती रही। वहीं मनाली-कुल्लू में बूंदाबांदी हुई है। इससे ठंड का प्रकोप बढ़ गया है। रोहतांग दर्रा के साथ कुंजम दर्रा, राजा घेपन पीक, सीवी रेंज की पहाड़ियों में भी फाहे गिरे हैं। माैसम विज्ञान केंद्र शिमला की ओर से 1 फरवरी और 3 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की बारिश-बर्फबारी का पूर्वानुमान है। वहीं 4 और 5 फरवरी को कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश-बर्फबारी की संभावना है। 2-3 व 6 व 7 फरवरी को पूरे प्रदेश में माैसम साफ रहने के आसार हैं। प्रशासन ने पर्यटकों से बर्फ वाले इलाकों की तरफ न जाने की हिदायत दी है।
न्यूनतम तापमान में गिरावट की संभावना
अगले 24 घंटों के दौरान अधिकतम तापमान में कोई बड़ा बदलाव नहीं होने की संभावना है। इसके बाद अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में अधिकतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने के आसार हैं। अगले 2-3 दिनों के दौरान राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 3-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट आने की संभावना है। इसके बाद राज्य के कई हिस्सों में न्यूनतम तापमान में 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होगी। शिमला में न्यूनतम तापमान 3.2, सुंदरनगर 6.0, भुंतर 5.1, कल्पा -2.4, धर्मशाला 4.8, ऊना 4.1, नाहन 8.0, केलांग -2.2, पालमपुर 6.5, सोलन 3.2, मनाली 7.3, मंडी 7.0, बिलासपुर 5.8, चंबा 6.7, डलहाैजी 2.7, जुब्बड़हट्टी 5.9, भरमाैर 2.4, सेऊबाग 2.5, बरठीं 4.9, कसाैली 7.0, सराहन 5.1 व ताबो में -7.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया है।
जनवरी में नौवीं सबसे कम बारिश दर्ज
हिमाचल प्रदेश में 1901-2025 की अवधि के दाैरान नाैवीं सबसे कम बारिश (13.3 मिलीमीटर) हुई है। सबसे कम वर्षा वर्ष 1966 में (0.3 मिमी) जनवरी के महीने में हुई थी। प्रदेश में जनवरी महीने में 85.3 मिलीमीटर सामान्य वर्षा के मुकाबले 13.3 मिमी वास्तविक वर्षा के साथ 84 कम बारिश हुई। जिला लाहौल और स्पीति में सबसे अधिक वर्षा 23.3 मिमी हुई है, जबकि जिला ऊना और हमीरपुर में सामान्य से 95 फीसदी कम बारिश हुई है। प्रदेश के सभी जिलों में जनवरी के दाैरान बहुत कम बारिश हुई है।
विंटर सीजन में 83 फीसदी कम बारिश
हिमाचल प्रदेश में काफी समय से अच्छी बारिश-बर्फबारी नहीं होने से सूखे जैसी स्थिति बनी हुई है। प्रदेश में 1 जनवरी से 1 फरवरी तक सामान्य से 83 फीसदी कम बारिश दर्ज की गई है। इस अवधि के लिए 87.5 मिलीमीटर बारिश को सामान्य माना गया लेकिन वास्तव में 14.5 मिलीमीटर बारिश ही दर्ज की गई। बिलासपुर में सामान्य से 94, चंबा 89, हमीरपुर 95, कांगड़ा 94, किन्नाैर 93, कुल्लू 77, लाहाैल-स्पीति 74, मंडी 85, शिमला 82, सिरमाैर 81, सोलन 93 व ऊना में 95 फीसदी कम बारिश हुई है।