तैयारी: इसी सत्र से नई शिक्षा नीति को लागू करेगा हिमाचल विश्वविद्यालय
प्रदेश विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति-2020 को इसी शैक्षणिक सत्र से लागू कर दिया जाएगा। सोमवार को विश्वविद्यालय परिसर में बैठक में विवि के कार्यवाहक कुलपति प्रो. एसपी बंसल की अध्यक्षता में इस पर चर्चा की गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति-2020 को इसी शैक्षणिक सत्र से लागू कर दिया जाएगा। सोमवार को विवि परिसर में बैठक में विवि के कार्यवाहक कुलपति प्रो. एसपी बंसल की अध्यक्षता में इस पर चर्चा की गई। इसके अलावा नैक के विवि की ग्रेडिंग के लिए होने वाले दौरे की तैयारियों की समीक्षा भी की गई। कुलपति प्रो. बंसल ने कहा कि विश्वविद्यालय में नई शिक्षा नीति-2020 को जल्द लागू किया जाएगा। इसे लेकर सभी विभागाध्यक्षों, निदेशकों और शिक्षकों से सुझाव मांगे। विवि के वरिष्ठ शिक्षकों ने इस पर अपने विचार रखे और सुझाव भी दिए। कुलपति ने एक माह के अंदर नई शिक्षा नीति-2020 को लागू करने के बारे में तैयारियां और कार्य पूरा करने के लिए कहा। उन्होंने कहा कि नई शिक्षा नीति लागू करने से पूर्व राज्यपाल, शिक्षा सचिव, शिक्षा निदेशक, सभी अधिष्ठाता, विभागाध्यक्ष, निदेशक और सभी महाविद्यालयों के प्राचार्यों के साथ बैठक की जाएगी।
नई शिक्षा नीति के दस्तावेजों को बोर्ड ऑफ स्टडीज और अकादमिक परिषद के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा। उसके पश्चात इसे कार्यकारिणी परिषद में पारित करने के लिए पेश किया जाएगा। प्रो. बंसल ने कहा कि सभी विभागों को विषयों में द्विभाषी प्रणाली का प्रयोग करना होगा, ताकि सभी विद्यार्थियों को अपनी योग्यताओं को सही प्रकार से प्रकट करने का अवसर प्राप्त हो सके। इस अवसर पर कुलपति ने नैक के प्रस्तावित दौरे से संबंधित सभी मानदंडों का अवलोकन किया। सभी विभागों को निर्देश दिए कि नैक टीम के दौरे की तैयारियों को लेकर जो भी कार्य शेष बचा है, उसे जल्द पूरा करें। इस अवसर पर आचार्य चंद्रमोहन परशीरा ने नैक दौरे को लेकर की गई तैयारियों को लेकर विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत की।