हिमाचल: विदेशी सेब के आयात से बागवानों को दिसंबर में राहत मिलने की उम्मीद
प्रदेश के बागवानों को विदेशी सेब के अनियंत्रित आयात से इस साल दिसंबर तक राहत मिलने की उम्मीद है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के बागवानों को विदेशी सेब के अनियंत्रित आयात से इस साल दिसंबर तक राहत मिलने की उम्मीद है। हिमाचल के सेब बागवानों के संगठन प्रोग्रेसिव ग्रोवर्स एसोसिएशन (पीजीए) को केंद्रीय वाणिज्य मंत्रालय और कृषि मंत्रालय से समस्या के समाधान का आश्वासन मिला है। पीजीए पिछले दो साल से विदेशी सेब के आयात से हो रहे नुकसान का मामला प्रमुखता से केंद्र सरकार से उठा रही है। संगठन ने सेब के न्यूनतम आयात मूल्य को 50 से बढ़ाकर 120 रुपये करने और विदेशी सेब पर आयात शुल्क 100 फीसदी करने की मांग उठाई है।
पीजीए के प्रतिनिधिमंडल ने गत अगस्त माह में केंद्रीय वाणिज्य और कृषि मंत्रालय के अधिकारियों से दिल्ली में मुलाकात कर अपनी मांगों से अवगत करवाया था। इसके बाद अधिकारियों ने सेब उत्पादन की लागत और विदेशी सेब के आयात को लेकर विस्तृत जानकारी मांगी थी। मंत्रालयों के अधिकारियों ने पीजीए के प्रतिनिधियों को दिसंबर तक उनकी मांगों को हल करने का आश्वासन भी दिया। पीजीए ने मंत्रालयों को मेल के माध्यम से विस्तृत ब्रेकअप भेज दिया है साथ ही मिलने का समय भी मांगा है ताकि अधिकारियों को सभी पहलुओं से आमने सामने बैठ कर अवगत करवाया जा सके।
विदेशी सेब के न्यूनतम आयात मूल्य में बढ़ोतरी और आयात शुल्क 100 फीसदी करने की मांग गत अगस्त माह में केंद्रीय कृषि एवं वाणिज्य मंत्रालय के अधिकारियों के समक्ष उठाई थी। अधिकारियों की मांग पर विस्तृत ब्रेकअप भी मेल किया है। अधिकारियों ने दिसंबर तक कोई सकारात्मक फैसला लेने का आश्वासन दिया है।- लोकेंद्र सिंह बिष्ट, अध्यक्ष, प्रोग्रेसिव ग्रोवर्स एसोसिएशन
2023-24 में 21 देशों से आयात हुआ 5 लाख मीट्रिक टन सेब
वाणिज्य एवं उद्योग मंत्रालय भारत सरकार के वाणिज्यिक जानकारी एवं सांख्यिकी महानिदेशालय (डीजीसीआईएस) की रिपोर्ट के अनुसार साल 2023-24 में 21 देशों से भारत में करीब 5 लाख मीट्रिक टन सेब आयात हुआ है। सबसे अधिक 1.37 लाख मीट्रिक टन सेब ईरान से और 1.17 लाख मीट्रिक टन सेब तुर्किये से आयात हुआ है। इसके अलावा अफगानिस्तान, यूएई, चीन, इटली, पोलैंड, साउथ अफ्रीका, न्यूजीलैंड, यूएसए, चिल्ली, ब्राजील, सरबिया, फ्रांस, ग्रीस, बेल्जियम, कनाडा, जर्मनी, क्रोएशिया, स्पेन और अर्जेंटीना से भी भारत में सेब आयात हुआ है।