कोरोना संक्रमितों के लिए दैनिक आधार पर होंगे ध्यान व योग के ऑनलाइन सत्र
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल प्रदेश सरकार ने आयुष विभाग के माध्यम से कोरोना संक्रमित मरीजों को शारीरिक रूप से मजबूत करने के साथ उनका मनोबल बढ़ाने के लिए आयुष घर-द्वार कार्यक्रम शुरू किया है। हमीरपुर जिले में भी ऑनलाइन यह कार्यक्रम शुरू कर दिया गया है। इसके लिए वर्चुअल ग्रुप गठित किए गए हैं। जिला आयुर्वेद अधिकारी डॉ. सरिता राणा ने बताया कि जिले में आयुष घर-द्वार कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर के नेतृत्व में 75 वर्चुअल ग्रुप बनाए गए हैं। आर्ट ऑफ लिविंग संस्था से जुड़े 13 प्रशिक्षित स्वयंसेवी भी योग और ध्यान सत्र में सहयोग देंगे।
बताया कि प्रतिदिन सुबह 6 से 8 बजे तक, दोपहर 12 से 12.30 बजे तक तथा शाम को 7 से 7.30 बजे तक योग, ध्यान तथा आयुर्वेद से संबंधित अन्य दिशा-निर्देशों के बारे में ऑनलाइन सत्र आयोजित किए जाएंगे। सत्र का समापन रात 9 बजे होगा। इस कार्यक्रम के तहत जिले में होम आइसोलेशन में चल रहे सभी लोगों को जोड़ने का लक्ष्य रखा है। जो संक्रमित ठीक हो जाएंगे, उन्हें ग्रुप से हटाकर नए संक्रमितों को जोड़ा जाएगा।
वर्तमान में जिले में लगभग तीन हजार सक्रिय कोरोना संक्रमितों को इससे जोड़ा जा रहा है। प्रदेश सरकार संक्रमित व्यक्तियों को समुचित स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध करवाने के लिए कृतसंकल्प है। इसके अतिरिक्त विभिन्न कोविड सुविधा केंद्रों में उपचाराधीन संक्रमितों को भी इससे जोड़ा जा रहा है। प्रदेश स्तर पर इसमें लगभग एक हजार ग्रुप तैयार किए जा रहे हैं। प्रत्येक ग्रुप में 20 से 30 कोरोना संक्रमित मरीजों के अतिरिक्त एक आयुर्वेद मेडिकल ऑफिसर, आयुर्वेद या पैरामेडिकल स्टाफ, कोविड सुविधा केंद्र के नोडल अधिकारी और आर्ट ऑफ लिविंग संस्था के एक प्रशिक्षक या प्रशिक्षित स्वयंसेवी को जोड़ा गया है।