हिमाचल इन्वेस्टर प्रमोशन एजेंसी बनाने की तैयारी, विधेयक लाएगी प्रदेश सरकार
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
राज्य सरकार हिमाचल इन्वेस्टर प्रमोशन एजेंसी बनाने की तैयारी में लगी है। राज्य विधानसभा के बजट सत्र में इस संबंध में सरकार विधेयक लाएगी। राज्य में औद्योगिक निवेश बढ़ाने में नई एजेंसी अहम भूमिका निभाएगी। यह एजेंसी प्रदेश के नए निवेशकों को विभिन्न स्तर पर आने वाली समस्याओं का तत्काल निराकरण भी करेगी। प्रदेश और बाहरी राज्यों में निवेश बढ़ाने के लिए रोड शो का आयोजन करने की भी तैयारियां करेगी।
उच्च स्तरीय सूत्रों के मुताबिक प्रदेश सरकार राज्य में अधिक से अधिक निवेशकों को आकर्षित करने के लिए हिमाचल इन्वेस्टर प्रमोशन एजेंसी बनाने की तैयारी में जुटी है। इन्वेस्टर मीट के बाद हिमाचल में निवेशकों से करीब एक लाख करोड़ के समझौता ज्ञापनों में हस्ताक्षर हो चुके हैं।
सरकार एक ऐसी एजेंसी की जरूरत महसूस कर रही है, जिसके माध्यम से अधिक से अधिक निवेश कराने में मदद मिल सके। यह एजेंसी प्रदेश में निवेश बढ़ाने के लिए विभिन्न पहलुओं को लेकर काम करेगी। साथ ही निवेशकों और विभिन्न विभागों से तालमेल बैठाकर रखेगी ताकि, नए निवेश से संबंधित किसी भी समस्या का तत्काल प्रभाव से निराकरण हो सके।
देश के इन राज्यों में भी बनी है ऐसी एजेंसी
देश के कई अन्य राज्यों में भी इन्वेस्टर मीट का आयोजन किया गया था। इन राज्यों में निवेशकों और सरकारी विभागों के बीच तालमेल बैठाने के लिए ऐसी एजेंसियां कार्य कर रही हैं। ऐसी एजेंसी उत्तर प्रदेश, आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, हरियाणा और गुजरात में भी काम कर रही हैं। इन राज्यों को देखते हुए यह एजेंसी हिमाचल में भी बनाई जा रही है।
नई एजेंसी के जिम्मे यह काम
हिमाचल इन्वेस्टर प्रमोशन एजेंसी थिंक टैंक की भूमिका निभाएगी। प्रदेश, बाहरी राज्यों और विदेशों में रोड शो कराएगी। एजेंसी निवेशकों के साथ हुए करारों को धरा पर उतारने की भूमिका निभाएगी। निवेशकों को उद्योग लगाने में परेशानी न हो, इसे लेकर विभिन्न विभागों और निवेशकों के बीच सेतु का काम करेगी।