हिमाचल में युवाओं के लिए जल्द लाएंगे नई नीति : जयराम
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
प्रदेश सरकार जल्द नई युवा नीति लेकर आएगी। शुक्रवार को मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर की अध्यक्षता में हुई राज्य युवा बोर्ड की पहली बैठक में यह निर्णय लिया गया। दलील दी गई कि वर्तमान युवा नीति का निर्माण वर्ष 2002 में किया गया था और वर्तमान की जरूरतों के अनुसार उसमें कई कमियां हैं।
ऐसे में नीति को नए रूप में पेश किया जाएगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि विकास प्रक्रिया में युवाओं की महत्वपूर्ण भूमिका है। युवाओं को सकारात्मक दृष्टिकोण से समर्थ बनाने से न केवल उनकी भागीदारी और क्षमता विकसित होती है, बल्कि राष्ट्र के विकास में भी मदद मिलती है।
उन्होंने युवाओं विशेषकर किशोरों से नशाखोरी के विरुद्ध लड़ाई में आगे आने का आग्रह किया। कहा कि नोडल क्लब योजना में राज्य के प्रत्येक विकास खंड के लिए दो वर्षों के लिए एक नोडल क्लब स्वीकृत किया गया है।
सांस्कृतिक उपकरणों की खरीद के लिए 35000 रुपये स्वीकृत
हर क्लब को खेलों से संबंधित व अन्य सांस्कृतिक उपकरणों की खरीद के लिए 35000 रुपये स्वीकृत किए हैं। सरकार ने युवा बोर्ड की विभिन्न गतिविधियां करने को बजट में पर्याप्त प्रावधान किया है।
सरकार विभिन्न खेलों में उत्कृष्टता हासिल करने वाले खिलाड़ियों का सम्मान और अन्य प्रोत्साहन देगी। कहा कि सरकार युवा बोर्ड को विकास की अन्य गतिविधियों में शामिल करने पर विचार कर रही है।
बताया कि राज्य के विभिन्न भागों में स्टेडियमों और खेल मैदानों के निर्माण पर 26 करोड़ खर्च किए जा रहे हैं। युवा सेवाएं एवं खेल मंत्री गोविंद ठाकुर ने कहा कि युवा बोर्ड के सदस्यों को नवीन विचार सामने लाने चाहिए।
बैठक में सचिव युवा सेवाएं एवं खेल दिनेश मल्होत्रा, निदेशक युवा सेवाएं और खेल विभाग विनय सिंह, सचिव वित्त अक्षय सूद, संयुक्त निदेशक सुमन रावत मेहता सहित आदि मौजूद रहे।