Himachal: सरकार ने बंद किए 10 विद्यार्थियों की संख्या वाले 17 प्राइमरी स्कूल, यहां देखें पूरी सूची
पूर्व भाजपा सरकार में 1 अप्रैल 2022 के बाद खुले स्कूलों को डिनोटिफाई करने का दौर शनिवार को भी जारी रहा। शुक्रवार को शून्य दाखिलों वाले 285 स्कूलों को बंद किया गया था। शनिवार को बंद किए गए स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को उनकी इच्छा के अनुसार साथ लगते स्कूलों में पंजीकृत किया जाएगा।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश सरकार ने अब दस विद्यार्थियों की संख्या वाले 17 प्राइमरी स्कूलों को बंद कर दिया है। भाजपा राज में 1 अप्रैल 2022 के बाद खुले स्कूल बंद करने का दौर शनिवार को भी जारी रहा। शुक्रवार को शून्य दाखिले वाले 285 स्कूल बंद किए गए थे। शनिवार को बंद किए गए स्कूलों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों को उनकी इच्छा के अनुसार साथ लगते स्कूलों में पंजीकृत किया जाएगा। इन स्कूलों में कार्यरत शिक्षकों और गैर शिक्षकों को साथ लगते रिक्त पदों की कमी से जूझ रहे स्कूलों में नियुक्तियां दी जाएंगी।
शिक्षा सचिव डॉ. अभिषेक जैन की ओर से जारी अधिसूचना के तहत जिला कुल्लू के कियानी, बालअरगा, लाहौल-स्पीति में रारिक, शैनोर, मंडी जिला में बेकड़, कांधी, थाच खनियार और मगन, सिरमौर में किशनकोट प्राइमरी स्कूल को बंद किया गया है। चंबा में गध, खंगुरा, खालो, बायला और बुरिला, ऊना में कुठेड़ा, कैंट और सोलन में चायला प्राइमरी स्कूल को बंद किया गया है।
ये भी पढ़ें: Himachal: सुक्खू सरकार ने शून्य दाखिलों वाले 285 प्राइमरी, मिडल स्कूल किए बंद
प्रदेश के सभी स्कूलों-कॉलेजों में लगेंगे अग्निशमन यंत्र
हिमाचल प्रदेश के सभी स्कूलों और कॉलेजों में अग्निशमन यंत्रों को स्थापित करना अनिवार्य कर दिया गया है। उच्च शिक्षा निदेशालय ने सभी प्रिंसिपलों को पत्र जारी कर अग्निशमन यंत्र लगाकर विभाग से अनापत्ति प्रमाणपत्र लेने के निर्देश दिए हैं। सुप्रीम कोर्ट के निर्देशानुसार यंत्र लगाने काे कहा गया है। इस बाबत अगले सप्ताह निदेशालय को रिपोर्ट भेजने के निर्देश भी दिए गए हैं।