फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   himachal election 2022, pm narendra modi statement today during rallies in himachal

Himachal Election 2022: पीएम मोदी बोले- पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा गलत

Sat, 05 Nov 2022 09:35 PM IST
Krishan Singh अमर उजाला नेटवर्क, मंडी/सुंदरनगर/सोलन
अमर उजाला नेटवर्क, मंडी/सुंदरनगर/सोलन Published by: Krishan Singh Updated Sat, 05 Nov 2022 09:35 PM IST
सार

प्रदेश के सुंदरनगर व सोलन में आयोजित चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर जुबानी हमला बोला।  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने रक्षा सौदों में किया।

विज्ञापन
himachal election 2022, pm narendra modi statement today during rallies in himachal
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी। - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हिमाचल प्रदेश के सुंदरनगर व सोलन में आयोजित चुनावी रैली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कांग्रेस पर जमकर जुबानी हमला बोला।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल में पांच साल में सरकार बदलने की परंपरा गलत है। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार में लिप्त कांग्रेस प्रदेश की जनता को गारंटियां दे रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतलब भ्रष्टाचार की गारंटी, स्वार्थभरी राजनीति की गारंटी, भाई भतीजावाद की गारंटी। देश का पहला घोटाला कांग्रेस ने रक्षा सौदों में किया था। रक्षा सौदों में हथियारों तक में कांग्रेस ने दलाली की, जिसका नुकसान हिमाचल और देश की उन माताओं को भुगतना पड़ा, जिन्होंने बॉर्डर पर बेटे खोए।  मंडी में मोदी ने किस्सा सुनाकर रिवाज बदलने की बात रखी। मोदी ने मंडी में 31 अक्तूबर को प्रियंका गांधी के पांच साल बाद सरकार बदलने की प्रथा को आगे भी कायम रखने की अपील पर कटाक्ष किया।

विज्ञापन


विज्ञापन



उन्होंने कहा कि घर में कोई बीमार पड़ गया और आप कोई दवा ले रहे हैं। ऐसे में कोई कहता है भाई अंग्रेजी दवाई क्यों आप आयुर्वेदिक दवा खाओ। हफ्ते भर आयुर्वेदिक दवाई खाई फिर कोई कहता है अरे भई ऐसा करो होम्योपैथी ले लो। मोदी ने मुस्कुराते हुए कहा कि पहले हफ्ते एक दवाई, दूसरे हफ्ते दूसरी दवाई, तीसरे हफ्ते तीसरी दवाई, हर बार नई दवा का क्या फायदा। एक दवाई लंबे समय तक पकड़ लो तब फायदा होगा। हिमाचल में यही गलती होती रही। इसलिए इस बार सरकार बदलने की गलती मत करना। मोदी ने कहा कि कांग्रेस का इतिहास हमेशा धोखा देने का रहा है। मोदी ने कहा कि आजादी के बाद कांग्रेस ने बहुत लंबा शासन हिमाचल में किया। कांग्रेस के लिए सरकार में आना, सरकार में रहना राजपाट जैसा रहा।
विज्ञापन
विज्ञापन


हिमाचल जैसे पहाड़ी राज्यों में तो कांग्रेस की दशकों तक तरसाओ, लटकाओ और भटकाओ की नीति थी। कांग्रेस ने प्रदेश के विकास को प्राथमिकता नहीं दी। जनता ने भाजपा की सरकारें बनाईं तो काम आगे बढ़ा। केंद्र में अटल थे तो प्रदेश में उसी समय धूमल थे। इसलिए विकास हुआ। केंद्र में मुझे सेवा का मौका दिया और हिमाचल में जयराम को मौका दिया। इसलिए विकास हुआ। मोदी ने सोलन में कहा कि आपको यह याद रखना है कि यह वही कांग्रेस है, जिसके राज में वृद्धावस्था पेंशन के लिए 80 साल का होना जरूरी था, मगर जयराम सरकार ने इसे 60 साल किया। कांग्रेस में अनिश्चितता, अराजकता और अनिर्णय है। कांग्रेस और अन्य पार्टियां गुटबाजों की दलदल हैं। मोदी ने कहा कि मैं देश में रहूं या विदेश में, हिमाचल के साथ मेरा लगाव बना रहता है।

मोदी ने ओपीएस का जिक्र नहीं किया, लेकिन कहा, बेटा हूं हिमाचल का, पीछे नहीं हटूंगा
चुनावी रैलियों में मोदी ने एक बार भी पुरानी पेंशन स्कीम (ओपीएस) का जिक्र नहीं किया, लेकिन खुद को हिमाचल का बेटा कहकर उन्होंने जनता को विश्वास दिलाया कि हिमाचल में भाजपा दोबारा सत्ता में आती है तो हिमाचल के लिए कुछ भी करने से पीछे नहीं हटूंगा। अगर आपने ऐसे लोगों को हिमाचल में बैठा दिया, जो काम आगे नहीं बढ़ने दें तो चाह कर भी कुछ नहीं कर पाऊंगा। इसलिए भाजपा सरकार को लाएं। कांग्रेस ने अपने लंबे शासन में हिमाचल का जितना नुकसान किया है, उसकी भरपाई के लिए भाजपा को बार-बार जिताना होगा।

25 साल का काल खंड खास, चाहिए स्थिर सरकार
मोदी ने कहा कि 12 नवंबर को जो वोट पड़ेंगे, वे केवल पांच साल के लिए नहीं, बल्कि एक-एक वोट हिमाचल के अगले 25 साल की विकास यात्रा तय करेगा। कुछ माह पहले ही हिमाचल की स्थापना के 75 साल पूरे हुए हैं, देश की आजादी के भी 75 साल पूरे हुए हैं। जब भारत अपनी आजादी के सौ साल मनाएगा, उसी के आस पास हिमाचल भी सौ साल स्थापना के पूरे करेगा। इसलिए अगले 25 साल का काल खंड बहुत खास है। अमृत काल के इन वर्षों में हिमाचल में स्थिर सरकार जरूरी है।

झूठे वादे करना, झूठी गारंटी देना, कांग्रेस की पुरानी तरकीब
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि झूठे वादे करना, झूठी गारंटी देना, कांग्रेस की पुरानी तरकीब रही है। किसानों को कर्ज माफी के नाम पर कांग्रेस किस तरह झूठ बोलती आ रही है, इसका भी गवाह पूरा देश रहा है। जब दिल्ली और हिमाचल में भाजपा की सरकार थी तो काम तेजी से चल रहे थे। लेकिन जैसे ही, पांच उसके, पांच उसके, इस चक्कर में पड़ गए और कांग्रेस वाले वापस आए, सारे काम ठप कर दिए।

भाजपा जो संकल्प लेती है, उसकी सिद्धि करके दिखाती है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भाजपा जो संकल्प लेती है, उसकी सिद्धि करके दिखाती है। भाजपा ने जम्मू-कश्मीर से आर्टिकल 370 हटाने का संकल्प लिया, उसे सिद्ध करके दिखाया। भाजपा ने राम मंदिर निर्माण का संकल्प लिया, आज अयोध्या में इतना भव्य राम मंदिर बन रहा है। कांग्रेस की सच्चाई ये है कि 2012 में जिस घोषणा पत्र पर वो चुनाव जीते, वादे किए थे, एक भी काम उन्होंने नहीं किया। जबकि भाजपा की पहचान है कि हम जो कहते हैं उसे पूरा करने के लिए दिन-रात खपा देते हैं। 

ठाकुर गंगा राम, दिले राम, दामोदर दास से बहुत कुछ सीखने को मिला
पीएम मोदी ने अपने संबोधन के दौरान सुंदरनगर के साथ जुड़े पुराने दिन खूब याद किए। उन्होंने कहा कि मैंने ठाकुर गंगा राम, दिले राम, दामोदर दास से बहुत कुछ सीखा है। सुंदरनगर में कई बार आया हुआ हूं। मैंने निहरी की चढ़ाई चढ़ी है और शिकारी, कुल्लू किन्नौर, चंबा और कांगड़ा के दुर्गम क्षेत्र पैदल नापे हैं। यहां बीबीएमबी की सुंदर झील को कोई कैसे भूल सकता है। जब मैं मंडी शहर की ओर जाता था तो अक्सर यहां पर रास्ते में चाय पीना, दुकानदारों से गप्पें मारता था। तब मैंने नहीं सोचा था कि एक दिन हिमाचल प्रदेश, देश की सेवा का मौका मिलेगा।

 तुसां जो मेरा प्रणाम, देवी-देवताओं आगे मैं अपणा माथा टेक्यो : मोदी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने जवाहर पार्क में अपना संबोधन स्थानीय देवी-देवताओं का नाम लेकर शुरू किया। उन्होंने कहा कि हाटेश्वरी माता, शीतला माता, शिकारी माता और देवभूमि रे सारे देवी-देवताओं आगे मैं अपणा माथा टेक्यो। इस पवित्र देवभूमि रे तुसां सभी लोकां जो मेरा प्रणाम। उन्होंने कहा कि मैं बीते 24 सितंबर को बारिश की वजह से मंडी में भाजयुमो की युवा रैली में नहीं आ पाया था। बारिश इतनी तेज थी लेकिन लोग मैदान में डटे रहे। मगर मैंने मन में उसी दिन ठान लिया था कि जब हिमाचल में चुनावी रैलियां शुरू होंगी तो मंडी जरूर जाऊंगा और आप लोगों से क्षमा मांगूंगा। मंडी के लोगों ने इतना कष्ट उठाया। मैं आ नहीं पाया, उस दिन की मुझे पीड़ा हमेशा रहेगी। इसके लिए आपसे क्षमा मांगता हूं। मोदी ने अपने संबोधन में सुंदरनगर निवासी बॉक्सर आशीष चौधरी का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि टोक्यो ओलंपिक से पहले उन्हें आशीष से बातचीत करने का मौका मिला था। वह टोक्यो ओलंपिक जाने से पहले स्पेन में ट्रेनिंग ले रहे थे, तब मेरी उनसे बात हुई थी। ओलंपिक से ठीक पहले पिता की मृत्यु के बाद भी आशीष ने जिस तरह का हौसला दिखाया वह लोग नहीं दिखा पाते हैं। सुंदरनगर के लोगों की यही बात और जज्बा उनकी पहचान है। इधर, बॉक्सर आशीष चौधरी ने कहा है कि अपने संबोधन में उनका नाम लेना प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बड़प्पन है। इसके लिए वह सदा उनके आभारी रहेंगे।

हिमाचल में भाजपा की सरकार बनेगी

सोलन के ठोडो मैदान में विजय संकल्प रैली में पहुंचे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि हिमाचल में फिर भाजपा सरकार बनेगी। मां शूलिनी के आशीर्वाद से सोलन मशरूम सिटी के नाम से विख्यात है। सोलन ने अपनी पहचान मशरूम और लाल टमाटर से बनाई है। सोलन में मनोहर लाल जी के चने शायद ही बिना खाए यहां से गया हूं। सोलन ने मुझे खूब खिलाया और सिखाया है, इसलिए मैं सोलन का कर्जदार हूं। हिमाचल को आज सबसे ज्यादा जरूरत है- राज्य को स्थायित्व देने वाली भाजपा सरकार। स्थिर सरकार में विकास भी तेज होता है और जनता के प्रति अपनी जवाबदेही के प्रति भी सरकार गंभीर रहती है। कांग्रेस के बरसों के शासन में हमारे यहां ऐसे अनेक स्वार्थ तत्व और समूह पैदा हो गए हैं जो भारत को स्थिर नहीं देखना चाहते, भारत में स्थिर सरकार नहीं देखना चाहते। देश के छोटे राज्य हमेशा इन स्वार्थी समूहों के निशाने पर रहे हैं।

कांग्रेस का इतिहास हमेशा धोखा देने का रहा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि मैं देश में रहूं या विदेश में, हिमाचल के साथ मेरा लगाव बना रहता है। हिमाचल के लोगों का जो स्नेह है, मैं इस ऋण को कभी चुका नहीं सकता। लेकिन हिमाचल का विकास कर, हिमाचल के लोगों का जीवन आसान बनाकर, मैं अपना दायित्व निभाने के लिए हर पल तैयार हूं। कांग्रेस का इतिहास हमेशा धोखा देने का रहा है। 8 दिसंबर के बाद डबल इंजन की सरकार काम संभालेगी तो किसान बागवानों के लिए काम आगे बढ़ाएंगे। कुछ लोग 100 रुपये की छूट देते हैं और 1000 रुपये का विज्ञापन छपा देते हैं। ऐसे लोगों से सावधान रहें।

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed