Himachal Election: भाजपा की महिला नेता का ऑडियो वायरल, प्रदेश में चढ़ा सियासी पारा
बुधवार को वायरल हुआ यह ऑडियो चंबा जिले की डलहौजी सीट को लेकर बताया जा रहा है। करीब आठ मिनट आठ सेकेंड के इस ऑडियो में भाजपा की महिला नेता एक व्यक्ति से बातचीत के दौरान प्रत्याशी चयन को लेकर खुलकर नाराजगी जता रही हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मतदान के बाद नतीजों के धुकधुकी भरे इंतजार के बीच अब भाजपा की महिला नेता का ऑडियो चर्चाओं में आ गया है। बुधवार को वायरल हुआ यह ऑडियो चंबा जिले की डलहौजी सीट को लेकर बताया जा रहा है। करीब आठ मिनट आठ सेकेंड के इस ऑडियो में भाजपा की महिला नेता एक व्यक्ति से बातचीत के दौरान प्रत्याशी चयन को लेकर खुलकर नाराजगी जता रही हैं। हालांकि, अमर उजाला इस वायरल ऑडियो की पुष्टि नहीं करता। ऑडियो में विधानसभा क्षेत्र से दूर के नेता को टिकट देने पर महिला नेता नाराजगी जता रही है। सफाई दे रही हैं कि स्थानीय प्रत्याशी को ही लोग जिताने में प्राथमिकता देते हैं। भाजपा की यह महिला नेता कह रही है कि कि हमीरपुर से तत्कालीन विधायक प्रेम कुमार धूमल, रविंद्र सिंह, कृपाल परमार को दूसरे जगह पर टिकट देकर उतारा गया।
लेकिन, जनता ने उन्हें अस्वीकार करते हुए चुनावों में हराया। बावजूद इसके हाईकमान इन सब बातों को दरकिनार कर मनमर्जी से ही काम कर रहा है। बातों ही बातों में महिला नेता कांग्रेस प्रत्याशी की जीत सुनिश्चित होने के भी संकेत दे रही। कह रही हैं कि भाजपा प्रत्याशी के पास पहुंचने के लिए क्षेत्र के लोगों को दो बसें लेकर जाना पड़ेगा। लेकिन, फिर भी वे आधे रास्ते ही पहुंचेंगे। यदि स्थानीय प्रत्याशी होता तो लोग उसे आसानी से मिल सकते। इस पर बातचीत कर रहा व्यक्ति कह रहा है कि अब पुराने लोगों की सुनवाई कौन करता है, पुराने लोगों को तो पूछते तक नहीं है। बातचीत का आगे बढ़ाते हुए भाजपा की महिला नेता कह रही है कि राकेश पठानिया उनके परिचित हैं।
पार्टी हाईकमान ने उन्हें नुरपूर से फतेहपुर टिकट देकर चुनावी रण में उतारा है। उन्होंने ही साफ किया है कि उनकी स्थिति अच्छी नहीं है। यहां के लोगों से मिलने पर वे स्थानीय प्रत्याशी के पक्ष में मतदान कर जीत दिलवाने का हवाला दे रहे हैं। हालांकि, लोगों को कहा गया कि कांग्रेस तो खत्म हो चुकी है। लेकिन, लोगों का कहना है कि कांग्रेस ही सरकार बनाएगी। भाजपा नेता कहती हैं कि उच्च शिक्षा हासिल करने के बाद अब मैं क्या एक आठवीं पास प्रत्याशी के पक्ष मतदान करूंगी। आने वाले समय में परिसीमन होना है। वर्तमान में 68 विधानसभा क्षेत्र है। परिसीमन के बाद 80 विधानसभा क्षेत्र बनेंगे। ऐसे में आने वाले समय में भी हमारे विधानसभा क्षेत्र की सीट आरक्षण में फंस जाएगी। बाद हमें बाहर से आने वाले चेहरे को ही लेकर चलना होगा।
घटिया सोच को दर्शाया : आशा कुमारी
डलहौजी विधायक आशा कुमारी ने इस मामले में कहा कि इस कथित बातचीत का ऑडियो वायरल करने वाले ने अपनी घटिया सोच को दर्शाया है। कहा कि ये पार्टी का अपना मामला है। महिला नेता को नुकसान पहुंचाने के लिए यह किया जा रहा है।