हिमाचल में यहां से हो रही चिट्टे की सप्लाई, डीजीपी ने किया खुलासा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल में चिट्टे की सप्लाई को लेकर डीजीपी ने बड़ा खुलासा किया है। प्रदेश पुलिस महानिदेशक एसआर मरडी ने कहा कि हिमाचल में चिट्टे की सप्लाई जम्मू-कश्मीर और नाइजीरिया से की जा रही है।
पड़ोसी राज्य पंजाब और राजधानी दिल्ली से भी नशा तस्कर यहां की आबोहवा में नशे का जहर घोल रहे हैं। मरडी धर्मशाला में पत्रकारों से बातचीत कर रहे थे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के पड़ोसी राज्यों के कई नशा तस्कर हिमाचल की जेलों में बंद हैं।
इसके अलावा नाइजीरिया की नागरिकता रखने वाले कई विदेशी भी नशे के कारोबार में संलिप्त होने पर जेलों में कैद हैं। उन्होंने कहा कि नशा तस्कर पहले खुद नशे का शिकार हो रहे हैं, और फिर अन्य लोगों को नशा परोस रहे हैं। यह बात यहां पर हेरोइन की तस्करी के मामलों में सामने आई है।
पुलिस के साथ सेलिब्रिटीज भी कर रहे जागरूक
मरडी के अनुसार नशा बेचकर अच्छी कमाई का लालच युवाओं को देकर उन्हें इस धंधे में धकेला जा रहा है। उन्होंने कहा कि एक आकलन के अनुसार पड़ोसी देश भी युवा शक्ति को खराब करने के लिए हेरोइन भेजने का कार्य कर रहे हैं। प्रदेश में नेपाल और जम्मू-कश्मीर के रास्ते नशीले पदार्थ भेजे जा रहे हैं।
डीजीपी एसआर मरडी ने कहा कि नशे के खिलाफ जहां पुलिस प्रशासन लोगों को जागरूक कर रहा है। वहीं, कई सेलिब्रिटीज भी लोगों को नशे के सेवन से होने वाले दुष्प्रभावों के बारे में चेता रहे हैं।
उन्होंने कहा कि तिब्बती धर्मगुरु दलाईलामा का नशे के खिलाफ संदेश विश्व भर में प्रचारित हुआ है। फ्लाइंग सिख 91 वर्षीय मिल्खा सिंह ने भी नशे के खिलाफ संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि इस संदेश को प्रदेश पुलिस ने अपनी वेबसाइट पर अपलोड किया है।