कोरोना: हिमाचल में एक संक्रमित की मौत, 22 विद्यार्थियों समेत 66 लोगों की रिपोर्ट पॉजिटिव, रिकवरी दर गिरी
प्रदेश में एक सप्ताह के भीतर कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या बढ़ गई है। छात्र-छात्राओं के कोरोना पॉजिटिव होने से एक्टिव मामलों में इजाफा हुआ है। प्रदेश में विद्यार्थियों के कोरोना पॉजिटिव की संख्या 600 से ज्यादा है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में रविवार को एक और कोरोना पॉजिटिव मरीज की मौत हो गई। कांगड़ा में 80 वर्षीय बुजुर्ग ने दम तोड़ा है ।वहीं, प्रदेश में 22 विद्यार्थियों समेत 66 लोगों के कोरोना टेस्ट की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। कांगड़ा जिले में सबसे ज्यादा 19, ऊना दो, हमीरपुर में एक विद्यार्थी की रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। प्रदेश में कोरोना एक्टिव मामलों की संख्या 1942 पहुंच गई है। मौत का आंकड़ा 3738 पहुंच गया है। बीते 24 घंटों के दौरान 198 मरीज ठीक हुए हैं, जबकि कोरोना की जांच के लिए 3613 लोगों के सैंपल लिए गए। वहीं, प्रदेश में एक सप्ताह के भीतर कोरोना के एक्टिव मामलों की संख्या बढ़ गई है। छात्र-छात्राओं के कोरोना पॉजिटिव होने से एक्टिव मामलों में इजाफा हुआ है। प्रदेश में विद्यार्थियों के कोरोना पॉजिटिव की संख्या 600 से ज्यादा है।
ये भी पढ़ें: अलविदा जीएस बाली: अंतिम इच्छा के अनुसार यहां हुआ दाह संस्कार, हजारों ने नम आंखों से दी विदाई
कोरोना के मामले बढ़ने से प्रदेश में जहां मृत्युदर में 0.1 की बढ़ोतरी हुई है, वहीं रिकवरी रेट भी .60 फीसदी गिरा है। हिमाचल में अभी रिकवरी रेट 97.40 और मृत्युदर 1.66 फीसदी चल रही थी। हिमाचल में इस समय एक्टिव मामलों की संख्या दो हजार पार हो चुकी है जबकि सप्ताह पहले यह आंकड़ा 1100 था। हिमाचल में शादी व अन्य धार्मिक और राजनीतिक समारोह के चलते मामले बढ़े हैं। इसमें वे लोग भी कोरोना की चपेट में आए हैं, जिन्होंने वैक्सीन की दूसरी डोज लगवा ली थी। स्वास्थ्य विभाग का दावा है कि वैक्सीन लगाने वाले को कोरोना ज्यादा प्रभावित नहीं कर रहा है। तीन-चार दिन के बाद लोग ठीक हो रहे हैं। ज्यादा दिक्कतें उन लोगों को आ रही हैं, जिन्होंने वैक्सीन की डोज नहीं लगवाई है।
स्कूलों रैंडम सैंपलिंग के आदेश
प्रदेश सरकार ने सरकारी और निजी स्कूलों में रैंडम सैंपलिंग के आदेश दिए हैं। अगर प्रबंधन सैंपल लेने से आनाकानी करता है तो उनकी लिस्ट तैयार करने के लिए कहा गया है। उल्लेखनीय है कि कुछेक स्कूल सैंपल लेने में आनाकानी कर रहे हैं। ऐसे में सरकार ने लिस्ट बनाने को कहा है।
निजी होटल बना माइक्रो कंटेनमेंट जोन, पर्यटकों समेत 65 लोग किए आइसोलेट
वहीं, राजधानी शिमला में कोरोना के मामले बढ़ने लगे है। राम बाजार स्थित एक निजी होटल में पांच कर्मियों के कोरोना संक्रमित आने के बाद उसे माइक्रो कंटेनमेंट जोन घोषित कर दिया है। वहीं अन्य लोगों में ये बीमारी न फैले, इसलिए यहां के कर्मचारियों और पर्यटकों समेत कुल 65 लोगों को आइसोलेट कर दिया गया है। स्वास्थ्य विभाग यहां ठहरे पर्यटकों समेत अन्य लोगों की सैपलिंग भी करेगा। वहीं जिन लोगों की रिपोर्ट कोरोना निगेटिव आएगी, उन्हें यहां से भेज दिया जाएगा। सीएमओ डॉ. सुरेखा चोपड़ा ने बताया कि एक होटल के पांच वर्कर संक्रमित आए हैं। जिसके बाद उस होटल को माइक्रो कंटेनमेंट जोन बना दिया है। यहां पर रहने वाले अन्य लोगों के स्वास्थ्य पर निगरानी रखी जा रही है।