नशे के खिलाफ दौड़ा हिमाचल, हेतराम और रेणू ने जीती हाफ मैराथन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहाड़ों की रानी शिमला के रिज मैदान पर रविवार सुबह बच्चों, बूढ़ों और जवानों ने नशे के खिलाफ संदेश देने के लिए दौड़ लगाई। अमर उजाला, एयरटेल और रेडियो मिर्ची के सहयोग से हिमाचल पुलिस ने करवाई हाफ मैराथन में करीब 2500 लोगों ने भाग लिया। मैराथन के 21.5 किमी के पुरुष वर्ग में सेना के जवान हेतराम और महिला वर्ग में रेणू ने पहला स्थान हासिल किया।
मिनी मैराथन 10 किमी पुरुष वर्ग में रीनू कुमार और महिला वर्ग में अमनदीप कौर ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। सीएम जयराम ठाकुर ने समारोह में बतौर मुख्यातिथि शामिल होकर विजेताओं को नकद पुरस्कार और प्रमाणपत्र दिए। उन्होंने रिज मैदान पर लगाई गई पेंटिंग और नारा लेखन प्रदर्शनी का भी अवलोकन किया।
इससे पहले सुबह सात बजे अभय कुमार पुलिस महानिदेशक नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो दिल्ली ने हाफ मैराथन को हरी झंडी दिखा कर रवाना किया। डीजीपी एसआर मरडी ने बताया कि मैराथन में शिमला के छात्र-छात्राओं, महिलाओं, सेना के जवानों, वरिष्ठ नागरिकों, दिव्यांगों और पड़ोसी राज्यों से आए धावकों ने भाग लिया।
मुख्यमंत्री ने सेवानिवृत्त डीजीपी आरआर वर्मा के जज्बे की तारीफ की। उन्होंने कहा कि 84 वर्ष की उम्र में भी वर्मा ने तीन किलोमीटर की दौड़ पूरी की। सीएम ने नागालैंड के पूर्व राज्यपाल अश्वनी कुमार की भी प्रशंसा की। डीजीपी सीताराम मरडी ने भी 10 किलोमीटर दौड़ पूरी की।
ये रहे विजेता
21.5 किलोमीटर हॉफ मैराथन में आर्मी जवान हेतराम ने पहला स्थान प्राप्त किया। पंजाब पुलिस के जवान जितेंद्र सिंह रनरअप रहे, जबकि मंडी कालेज के रमेश कुमार सेकेंड रनरअप रहे। महिला वर्ग में रेणू पहले स्थान पर रहीं जबकि दिल्ली की सीमा रनरअप और अर्पिता सेकेंड रनरअप रहीं। 3 किलोमीटर की ड्रीम रन रेस के तहत दिव्यांग बच्चों की श्रेणी में हरीश ने पहला, 10 से 15 वर्ष आयु वर्ग में कुलदीप ने पहला, अंशुल ने दूसरा और राजेश ने तीसरा पुरस्कार प्राप्त किया।
16 से 30 वर्ष आयु वर्ग के तहत राजेंद्र, सुनील कुमार और सोनू ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा, 31 से 45 वर्ष आयु वर्ग के तहत बालकृष्ण, दिनेश ठाकुर और कुलदीप कुमार , 46 से 60 वर्ष आयु वर्ग में राजेश ठाकुर, निर्मल सिंह और यशवंत सिंह, 60 से 74 वर्ष आयु वर्ग में चौधरी परमानंद, दिलाराम वर्मा और सरफराज आलम, महिला वर्ग में
निधि ने पहला, रजनी ने दूसरा और भारती ने तीसरा, 31 से 45 वर्ष आयु वर्ग के तहत अनुराधा भट्ट, डा. दिशा सरीन और आरती सूद, 46 से 60 वर्ष आयु वर्ग में पुष्पलता सिंघा, जया शर्मा, बीना गुप्ता, 60 से 74 वर्ष आयु वर्ग में कुसुम, नंदरानी और सरला वर्मा ने क्रमश: पहला, दूसरा और तीसरा स्थान प्राप्त किया।
3 किलोमीटर की ड्रीम रन रेस के वरिष्ठ नागरिक वर्ग में सेवानिवृत डीजीपी आरआर वर्मा, बीएस बाजवा, आनंद सिंह रावत, प्रीतम चंद शर्मा, बीसी भारद्वाज, राजेश रस्तोगी, ईश्वर दास चौहान, मधूराम चौहान, मदन लाल, राम कृष्ण, सुविधा, संतोष शर्मा और सुदेश रानी को इक्कीस - इक्कीस सौ रुपये की प्रोत्साहन राशि दी गई।
10 किलोमीटर मिनी मैराथन के पुरुष वर्ग में रीनू कुमार ने पहला, विजय कुमार रनरअप रहे। जबकि सेना के जवान सुनील कुमार सेकेंड रनरअप रहे। महिला वर्ग में छात्रा अनमदीप कौर पहले स्थान पर रहीं जबकि छात्रा निकिता रनरअप रही। छात्रा शिवाली सेकेंड रनरअप रही।
पेंटिंग प्रतियोगिता के सीनियर वर्ग में वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला संजौली के जमा एक कक्षा के छात्र विकास कुमार ने पहला स्थान प्राप्त किया। कनिष्ठ वर्ग में ताराहाल स्कूल की सातवीं कक्षा की छात्रा विशुद्धा सूद ने पहला स्थान प्राप्त किया। दोनों प्रतिभागियों को नकद पुरस्कार दिया गया।