फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Himachal Pradesh ›   haeavy rain flash flood in himachal pradesh 7 people missing in lahaul mother and son swept away in parvati river in kullu many road closed due to landslide

हिमाचल में फटे बादल, 8 लोगों की मौत, मां-बेटे और मैनेजर सहित 7 लापता

Wed, 28 Jul 2021 08:02 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला नेटवर्क, शिमला
अमर उजाला नेटवर्क, शिमला Published by: अरविन्द ठाकुर Updated Wed, 28 Jul 2021 08:02 PM IST
सार

ब्रह्मगंगा नाले में मां-बेटा और ब्रह्मगंगा कैंपिंग साइट पर काम करने वाली गाजियाबाद की लड़की सहित चार लोग बह गए हैं।

विज्ञापन
haeavy rain flash flood in himachal pradesh 7 people missing in lahaul mother and son swept away in parvati river in kullu many road closed due to landslide
हिमाचल प्रदेश में भारी बारिश - फोटो : अमर उजाला

विस्तार

हिमाचल प्रदेश में रेड अलर्ट के बीच मंगलवार शाम से बुधवार शाम तक तबाही की मूसलाधार बारिश हुई। मंगलवार देर शाम लाहौल के तोंजिंग नाला, बुधवार सुबह छह बजे कुल्लू के मणिकर्ण के ब्रह्मगंगा नाला की पहाड़ी पर और सुबह साढ़े छह बजे किन्नौर की रक्षम पंचायत में बादल फटने से जानमाल को भारी नुकसान हुआ। लाहौल में आईटीबीपी, एनडीआरएफ और पुलिस ने अब तक सात लोगों के शव बरामद कर लिए हैं, लापता तीन के लिए सर्च अभियान जारी है।

विज्ञापन


पांच मृतकों की पहचान कर ली गई है। मृतक मंडी जिला और जम्मू कश्मीर के बताए जा रहे हैं। ब्रह्मगंगा नाले में मां-बेटा और ब्रह्मगंगा कैंपिंग साइट पर काम करने वाली गाजियाबाद की लड़की सहित चार लोग बह गए हैं। इनकी तलाश की जा रही है। चंबा में मंगलवार देर रात भरमौर-पठानकोट एनएच पर भूस्खलन हटाने में जुटी जेसीबी का हेल्पर साथ में बह रहे नाले के तेज बहाव में बह गया था। बुधवार को हेल्पर सुनील कुमार का शव बरामद हो गया है।
विज्ञापन


दो दिनों से जारी बारिश से प्रदेश की 500 करोड़ से ज्यादा की संपत्ति का नुकसान हुआ है। प्रदेश भर में भूस्खलन और पेड़ गिरने से दर्जनों वाहन मलबे में दब गए। प्रदेश में 5 छोटे-बड़े पुल और 31 मकान क्षतिग्रस्त और 9 ढह गए। कुल्लू-मंडी, भरमौर-पठानकोट और मंडी-पठानकोट नेशनल हाईवे सहित 387 छोटी-बड़ी सड़कें बंद हैं। हिमाचल पथ परिवहन निगम (एचआरटीसी) की 70 बसें रास्ते में फंसी हैं।
विज्ञापन
विज्ञापन


शिमला-कालका रेल ट्रैक पर पेड़ गिरने से रेल सेवा बाधित हो गई। 345 ट्रांसफार्मर बंद हैं, जिससे कई क्षेत्रों में बिजली गुल है। 175 पेयजल योजनाओं में गाद भरने से जलसंकट गहरा गया है। लोक निर्माण विभाग ने सड़कें बहाल करने के लिए जेसीबी, डोजर और पोकलेन के साथ फील्ड में 15 हजार कर्मी उतार दिए हैं, जबकि अपने कर्मियों की छुट्टियां भी रद्द कर दी हैं। राजधानी शिमला सहित प्रदेश के सभी क्षेत्रों में बुधवार को बारिश का दौर जारी रहा।

मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के सरकारी आवास ओकओवर के पास भी पेड़ गिरा है। कुल्लू में ब्रह्मगंगा में बाढ़ से एक कैंपिंग साइट को नुकसान हुआ, जबकि कई घरों में पानी घुस गया। तोंजिंग नाले में आई बाढ़ के बाद मनाली-लेह मार्ग पर आवाजाही बंद कर दी है। लाहौल के किरतिंग, शांशा, फूड़ा, जाहलमा, कमरिंग, थिरोट, उदयपुर आदि में 200 से अधिक पर्यटकों सहित कई श्रद्धालु फंस गए हैं। ये लोग केलांग-उदयपुर सड़क बहाल होने का इंतजार कर रहे हैं। थिरोट बिजली परियोजना का हेड भी बाढ़ के चलते बह गया है।
 
शिमला के पंथाघाटी क्षेत्र में दो गाड़ियां मलबे में दब गईं और दो को हल्का नुकसान पहुंचा है। कालका-शिमला एनएच-5 पर परवाणू से सोलन के बीच कई जगह पहाड़ियों से पत्थर और मलबा गिरा। एहतियातन पहाड़ी की तरफ वाली लेन बंद करनी पड़ी। शिमला जिले में चिड़गांव के गुम्मा खड्ड में पानी के तेज बहाव से पुल बह गया। पांच गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हुई हैं। 

सिरमौर में राजगढ़-नौहराधार सड़क पर बहने वाले कंडा नाले के बीच एक कैंटर फंस गया। एनएच-707 पर भी यातायात बाधित रहा। चंबा में लकड़ी का फुटब्रिज भी पानी बह गया। नूरपुर से चंबा की ओर जा रही आल्टो कार पर घटासनी के पास मलबा गिरने से बैंक अधिकारी और उसका परिवार बाल-बाल बचा। 

तोंजिंग नाले में बह गई थीं दो गाड़ियां
लाहौल के तोंजिंग नाले में बाढ़ के चलते लापता दस लोगों में से सात के शव बरामद कर लिए हैं। तीन लोग रेस्क्यू किए हैं। इनमें एक कुल्लू अस्पताल में भर्ती है। आर्मी जवान मोहन सिंह (38) पुत्र लाल चंद, निवासी छातिंग, उदयपुर को रेस्क्यू किया गया। उसे केलांग अस्पताल ले जाया गया। कड़ी मशक्कत के बाद आईटीबीपी, पुलिस और बीआरओ की टीम ने एक वाहन से मंडी जिले की ग्राम पंचायत टकोली के शेर सिंह, रूम सिंह, मेहर चंद और नीरत राम के शव निकाले। मंडी निवासी देसराज, तेज राम और होतम राम का शव भी बरामद हुआ। उपायुक्त नीरज कुमार ने कहा कि तांदी-उदयपुर मार्ग पर तोंजिंग नाले में देर रात भारी बारिश से दो गाड़ियां जिनमें से एक पांगी की तरफ से और दूसरी जाहलमा की तरफ जा रही थी, नाले के तेज बहाव में बह गई थीं।

मालिक को बचाते बह गई मैनेजर विनीता
जिला कुल्लू में विनीता (25) पुत्री विनोद कुमार निवासी गाजियाबाद बाढ़ के तेज बहाव में बह गई। विनीता ब्रह्मगंगा में कैंपिंग साइट में मैनेजर थी। उसने साइट के मालिक दिल्ली निवासी अर्जुन को बचा लिया। अर्जुन का कुल्लू अस्पताल में उपचार चल रहा है। इसके अलावा बाढ़ में पूनम (26) पत्नी रोहित कुमार निवासी ब्रह्मगंगा, मणिकर्ण, निकुंज (4) पुत्र रोहित कुमार, मणिकर्ण बह गए। वीरेंद्र पुत्र तीर्थ राम, निवासी शांगणा, मणिकर्ण लापता है। विरेंद्र ब्रह्मगंगा पावर प्रोजेक्ट का कर्मचारी है। 


धर्मशाला में सबसे ज्यादा 122 मिमी बारिश, आज और कल ऑरेंज अलर्ट
मंगलवार रात से बुधवार शाम तक सबसे ज्यादा बारिश धर्मशाला में 122 और सोलन जिले के नालागढ़ में 106 मिलीमीटर रिकॉर्ड हुई। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 29 और 30 जुलाई को भी भारी बारिश का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। तीन अगस्त तक बारिश का पूर्वानुमान है।

क्षेत्र    बारिश (मिलीमीटर में)
ऊना    119
नालागढ़    106
शिमला    92
कांगड़ा    91
मंडी    65
नाहन    61
सोलन    54
कसौली    33
शाहपुर    31

विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed