गृहिणी सुविधा योजना: हिमाचल के 3.24 लाख लाभार्थियों का एक और एलपीजी सिलिंडर मुफ्त होगा रिफिल
प्रदेश में गृहिणी सुविधा योजना से जुड़े सूबे के 3.24 लाख लाभार्थियों का एक और रसोई गैस सिलिंडर मुफ्त रिफिल होगा। गैस कनेक्शन लेने के बाद जो उपभोक्ता सिलिंडर रिफिल नहीं करवा पाए थे, उन्हें इसका लाभ मिलेगा। प्रदेश में हजारों उपभोक्ता हैं जो सिलिंडर रिफिल नहीं कर सके हैं।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश में गृहिणी सुविधा योजना से जुड़े सूबे के 3.24 लाख लाभार्थियों का एक और रसोई गैस सिलिंडर मुफ्त रिफिल होगा। गैस कनेक्शन लेने के बाद जो उपभोक्ता सिलिंडर रिफिल नहीं करवा पाए थे, उन्हें इसका लाभ मिलेगा। प्रदेश में हजारों उपभोक्ता हैं जो सिलिंडर रिफिल नहीं कर सके हैं। अब सरकार इसका खर्च उठाएगी। चुनावी साल में सरकार यह तोहफा दे रही है। जनता को महंगाई से राहत दिलाने की तैयारी है। प्रदेश को धुआं मुक्त राज्य का दर्जा मिल चुका है, लेकिन हकीकत यह भी है कि ग्रामीण क्षेत्रों की रसोई आज भी लकड़ी के चूल्हे पर निर्भर है। कम उपभोक्ता हैं, जिन्होंने अपना सिलिंडर रिफिल किया है। जनपद सिरमौर की बात की जाए तो जिले में इस योजना के तहत 36711 कनेक्शन आवंटित किए गए हैं। इनमें अब तक 9662 गृहणियों ने ही सिलिंडर रिफिल किया है। साफ तौर पर कहा जा सकता है कि ग्रामीण क्षेत्रों की आधी से ज्यादा आबादी अभी भी जंगल से लकड़ी काटकर चूल्हा जलाकर खाना पकाती है।
पंचायतों में भरकर देना होगा फार्म
योजना के लाभार्थियों को सिलिंडर रिफिल के लिए पंचायत को फार्म भरकर देना होगा। सभी जिले के खाद्य एवं नागरिक आपूर्ति निगम की ओर से पंचायतों को फार्म उपलब्ध कराए जाएंगे। फार्म भरकर निगम के संबंधित निरीक्षकों को दिए जाएंगे। इन आवेदनों की जांच के बाद फार्म संबंधित गैस एजेंसियों को भेजे जाएंगे, जहां से उपभोक्ताओं को घरद्वार सिलिंडर की निशुल्क रिफिल सुविधा मिलेगी।
गृहिणी सुविधा योजना के सभी लाभार्थियों को दूसरा रसोई गैस सिलिंडर मुफ्त रिफिल होगा। उन्होंने कहा कि योजना के तहत जिन लाभार्थियों को गैस कनेक्शन मिले हैं, उनके लिए पहली रिफिल निशुल्क रहेगी।-खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले निगम के निदेशक डॉ. केसी चमन