Bilaspur News: जेपी नड्डा के पुत्र और बहू का विजयपुर में गृह प्रवेश, कल 263 जवान संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा
जगत प्रकाश नड्डा के छोटे पुत्र हरीश नड्डा का 25 जनवरी को राजस्थान के जयपुर निवासी रमाकांत शर्मा और ईरा की पुत्री रिद्धि के साथ विवाह हुआ था। विवाह की सभी रस्में राजस्थान में हुईं। अब विजयपुर स्थित नड्डा निवास में शनिवार को धाम का आयोजन किया जा रहा है।
विस्तार
भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के बेटे हरीश नड्डा और बहू रिद्धि का शुक्रवार को बिलासपुर के विजयपुर स्थित पैतृक घर में गृह प्रवेश करवाया गया। इसके बाद नवदंपती ने कुलदेवी कुलजा मां के दर्शन किए। गांव स्थित कुलजा मां के मंदिर तक नवदंपती को कुल्लू जिला के पारंपरिक वाद्य यंत्रों के साथ डोली में ले जाया गया। डोलियों को पूर्व सांसद महेश्वर सिंह अपने साथ लाए थे। जगत प्रकाश नड्डा की पत्नी डॉ. मल्लिका नड्डा गुरुवार शाम को पैतृक घर पहुंच गई थीं। हरीश नड्डा अपनी पत्नी रिद्धि के साथ शुक्रवार को अपने पैतृक घर पहुंचे। नवदंपती का डॉ. मल्लिका नड्डा ने गृह प्रवेश कराया। बताया जा रहा है कि नड्डा परिवार में जब भी कोई शादी होती है तो महेश्वर सिंह अपनी ओर से डोली लेकर आते हैं। वहीं, स्थानीय ग्रामीणों ने घर पहुंचकर नवदंपती को आशीर्वाद दिया। बता दें कि जगत प्रकाश नड्डा के छोटे पुत्र हरीश नड्डा का 25 जनवरी को राजस्थान के जयपुर निवासी रमाकांत शर्मा और ईरा की पुत्री रिद्धि के साथ विवाह हुआ था। विवाह की सभी रस्में राजस्थान में हुईं। अब विजयपुर स्थित नड्डा निवास में शनिवार को धाम का आयोजन किया जा रहा है।
नड्डा देर पहुंचे घर, मुख्यमंत्री और राज्यपाल आज देंगे आशीर्वाद
जगत प्रकाश नड्डा अपने बेटे की धाम में शामिल होने के लिए शुक्रवार देर रात बिलासपुर पहुंचे। नड्डा रात 8:00 बजे चंडीगढ़ से मार्ग के माध्यम से बिलासपुर के लिए आए। वहीं, मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू और राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ अर्लेकर सहित अन्य कई नेता, मंत्री जगत प्रकाश नड्डा के बेटे की रिसेप्शन में शामिल होंगे।
263 जवान संभालेंगे सुरक्षा का जिम्मा, मुख्यमंत्री भी होंगे शामिल
जिले के विजयपुर में भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा के बेटे हरीश नड्डा की शादी की धाम के चलते पुलिस अधीक्षक दिवाकर शर्मा बिलासपुर ने यातायात प्लान जारी किया है। रिसेप्शन में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ अन्य वीआईपी मेहमान विजयपुर पहुंचेंगे। पुलिस विभाग ने इसके लिए 203 पुलिस जवान और 30 मोटरसाइकिल पर 60 जवान तैनात किए हैं। इस पूरे क्षेत्र को पांच भागों में बांटा गया है। समारोह की आंतरिक पार्किंग में चेतना पार्किंग के पास 150, मुख्य स्थल पर 150, वीआईपी पार्किंग में 100 गाड़ियों के पार्क करने की व्यवस्था रहेगी। बाहरी स्थल पर समारोह सड़क के एक तरफ खुले स्थान पर 200, पंचायत भवन पनौल के पास 50 और राधा स्वामी भवन के पास 50 गाड़ियों की पार्किंग की व्यवस्था रहेगी। विजयपुर से समारोह स्थल से राहियां फोरलेन तक यातायात एकतरफा रहेगा।
समारोह स्थल विजयपुर से पिछली तरफ 150 गाड़ियां खड़ी होंगी। उसके बाद 150 गाड़ियों की व्यवस्था चेतना पार्किंग में होगी। समारोह से निकलने के बाद लोग अपने वाहनों को पार्किंग से निकालकर विजयपुर समारोह स्थल से राहियां होते हुए फोरलेन में मिलेंगे। समारोह स्थल विजयपुर में आम पार्किंग भर जाने के बाद गाड़ियों को विजयपुर से समोह सड़क के एक तरफ खुले स्थानों पर पार्क करवाने की व्यवस्था रहेगी। सुरक्षा इंतजामों के चलते पुलिस कर्मी बॉडी वार्न कैमरा और वॉकी-टॉकी सेट सहित ड्यूटी पर तैनात रहेंगे। आम लोगों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए लोकल बस का इंतजाम किया गया है। यह बस भगेड़ से विजयपुर चौक तक चलेगी। इस रूट पर यदि कोई वाहन खराबी आती है तो यातायात बहाल करने के लिए दो क्रेन की व्यवस्था रहेगी। एक क्रेन पनौल चौक में रहेगी और दूसरी क्रेन भगेड़ में रहेगी। इस व्यवस्था के इंचार्ज अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राजेंद्र जसवाल रहेंगे। पुलिस विभाग ने सभी से सहयोग की अपील की है।