ब्लाइंड मर्डर की गुत्थी सुलझी: गलत नीयत से घर में घुसा, छात्रा ने विरोध किया तो कर दी हत्या
आरोपी पांच अप्रैल को अखबार का बिल लेने के बहाने छात्रा के घर में दाखिल हुआ। उसने छात्रा को घर में अकेली पाकर गलत हरकतें करनी शुरू कर दीं। जब छात्रा ने आपत्ति जताई तो तैश में आए आरोपी ने घर के टेबल पर पड़े पेपर कटर को उठाकर किशोरी पर एक के बाद एक कई वार किए।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
अंब के प्रतापनगर में बीती पांच अप्रैल को हुई एक 15 वर्षीय छात्रा की हत्या की गुत्थी पुलिस ने सुलझा ली है। वीरवार देर रात आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी की पहचान आसिफ मोहम्मद (23) निवासी वार्ड तीन के तौर पर हुई है। शुरुआती पूछताछ में पता चला है कि आरोपी छात्रा पर गलत नीयत रखता था। उसकी छात्रा के परिवार से जान पहचान भी थी। इसका फायदा उठाकर वह घर में दाखिल हुआ। गलत इरादों में कामयाब नहीं हुआ तो तैश में आकर छात्रा की बेरहमी से हत्या कर दी। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने शुक्रवार को प्रेस वार्ता में आरोपी की गिरफ्तारी की पुष्टि की है।
उन्होंने बताया कि आरोपी प्लंबर का काम भी जानता है। एक साल पहले छात्रा के घर में प्लंबर का काम किया था। इसके बाद क्षेत्र में अखबार बांटने का काम करने लगा। इसी बहाने छात्रा के घर में आना-जाना रहता था। आरोपी पांच अप्रैल को दोपहर एक बजे के आसपास अखबार का बिल लेने के बहाने छात्रा के घर में दाखिल हुआ। उसने छात्रा को घर में अकेली पाकर गलत हरकतें करनी शुरू कर दीं। जब छात्रा ने आपत्ति जताई तो तैश में आए आरोपी ने घर के टेबल पर पड़े पेपर कटर को उठाकर किशोरी पर एक के बाद एक कई वार किए। हमले में छात्रा गंभीर रूप से घायल हो गई और जमीन पर गिर गई। आरोपी मौके से भाग निकला।
ऐसे घूमी शक की सूई
एसपी ने बताया कि छात्रा के घर में केवल दो एंट्री प्वाइंट थे। मौके पर पुलिस को ऐसा बिल्कुल नहीं लगा कि कोई घर में जबरदस्ती घुसा है। ऐसे में तय था कि वारदात को अंजाम देने वाला कोई जान-पहचान वाला है। इसके बाद घर में रोज आने वाले लोगों की सूची तैयार की गई। इसमें एक दूधवाला, कबाड़िया और अखबार वाला शामिल थे। दूधवाले और कबाड़ी से पूछताछ के बाद एक अखबार वाला ही बचा। अखबार वाले को स्थानीय लोगों ने वारदात के दिन इलाके में घूमते देखा था। वीरवार को आसिफ मोहम्मद से पूछताछ के लिए पुलिस पहुंची तो उसके चेहरे का रंग उड़ गया। इससे उस पर शक गहरा गया। पूछताछ में उसने यह कबूल किया कि यह वारदात उसने ही की है।
इलाके में सीसीटीवी लगे, लेकिन रिकॉर्डिंग नहीं
एसपी ने बताया कि जिस इलाके में छात्रा की हत्या हुई है, वहां कुछ घरों में सीसीटीवी कैमरे लगे थे, लेकिन उसमें रिकॉर्डिंग सेव रखने के लिए लोगों ने व्यवस्था नहीं की थी। ऐसे में सीसीटीवी की फुटेज पुलिस के हाथ नहीं लग पाई। मौके पर धर्मशाला से आई एफएसएल टीम ने भी साक्ष्य जुटाए और डॉग स्क्वायड की मदद भी ली गई।
गुस्साई भीड़ का थाने के बाहर हंगामा
छात्रा की हत्या से गुस्साए लोगों ने शुक्रवार को अंब थाने के बाहर हंगामा करते हुए आरोपी को उनके हवाले करने की मांग की। प्रदर्शनकारी और परिजन उसे फांसी की सजा देने की मांग कर रहे थे। एसपी ऊना अर्जित सेन ठाकुर ने बताया कि आरोपी को अंब कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है।
प्रदर्शन के चलते हालात बिगड़ते देख गगरेट, दौलतपुर चौक, चिंतपूर्णी और रिजर्व बटालियन से पुलिस बुलानी पड़ी। प्रदर्शन के दौरान करीब साढ़े तीन घंटे तक अंब-नादौन और ऊना-तलवाड़ा नेशनल हाईवे जाम रहे। एसपी ऊना, एएसपी और डीएसपी हेडक्वार्टर ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास किया। सुबह लगभग 11 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर ढाई बजे चक चला।
अंत में लोगों को शांत करवाने के लिए पुलिस को मृतक छात्रा के पिता अजय कुमार को भीड़ के सामने लाना पड़ा। उनकी अपील के बाद लोग शांत हुए। लोगों ने ‘गुड़िया हम शर्मिंदा हैं, तेरा कातिल जिंदा है’ जैसे नारे लगाए। मृतका के पैतृक गांव बीहण नंगल तहसील देहरा जिला कांगड़ा से भी लोग पहुंचे थे। अंब थाने के बाहर प्रदर्शन के दौरान मृतका के एक रिश्तेदार को पुलिसकर्मी ने थप्पड़ मार दिया, जिससे जमकर गहमागहमी हुई।