पाकिस्तान पर बरसे केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री वीके सिंह
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पाकिस्तान की ओर से भारत के साथ द्विपक्षीय वार्ता स्थगित करने पर केंद्रीय विदेश राज्यमंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि उन्हें उम्मीद है कि केंद्र सरकार पड़ोसी देश से शांतिपूर्ण संबंध स्थापित कर सकारात्मक माहौल बनाएगी। उन्होंने कहा कि पठानकोट आई पाकिस्तान की जेआईटी टीम को लेकर भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक सकारात्मक बातचीत चल रही है।
पालमपुर में भाजपा सांसद शांता कुमार के विवेकानंद मेडिकल कॉलेज में स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा के अनावरण कार्यक्रम में पहुंचे वीके सिंह ने कहा कि पाकिस्तान की कथनी और करनी में फर्क है। पाकिस्तान कभी भी अपने शब्दों पर कायम नहीं रहता है। फिर भी उम्मीद है कि भारत शांति वार्ता के लिए कदम उठाएगा, जिसका सकारात्मक परिणाम आएगा।
छात्रों के विवाद पर उन्होंने कहा कि श्रीनगर से एनआईटी बदलना कोई हल नहीं बल्कि वहां लोगों की सोच को बदलना जरूरी है। सिंह ने कहा कि निजी संस्थानों में आरक्षण बड़ा मुद्दा है। इस पर बहस की जरूरत है। केरल में हुई आगजनी पर भी उन्होंने गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
वीके सिंह ने कहा कि भाजपा के कई लोग राजनीति के साथ समाज सेवा भी कर रहे हैं। इनमें सांसद शांता कुमार भी एक हैं। समाज सेवा से जुड़ना है तो साधन अपने आप एकत्रित हो जाएंगे। उन्होंने कहा कि देश एक सकारात्मक सोच के साथ आगे बढ़ रहा है। इससे देश के विकास की गति बढ़ रही है।
पालमपुर में राज्यपाल ने किया विवेकानंद प्रतिमा का अनावरण
पालमपुर में विवेकानंद मेडिकल इंस्टीट्यूट परिसर में राज्यपाल आचार्य देवव्रत ने स्वामी विवेकानंद प्रतिमा का अनावरण किया। केंद्रीय विदेश मंत्री जनरल वीके सिंह ने समारोह में विशेष अतिथि के रूप में शिरकत की। 31 लाख से बनी स्वामी विवेकानंद की प्रतिमा 12 फुट ऊंची है। प्रदेश में स्वामी विवेकानंद की यह पहली प्रतिमा है।
राज्यपाल ने कहा कि स्वामी विवेकानंद स्वामी तप की मूर्ति और महान संन्यासी थे। उन्होंने तप कर कितनी प्रतिभाओं को रास्ता दिया है। स्वामी ने भारतीय संस्कृति को देश में ही नहीं, विदेशों तक भी पहुंचाया है। उन्होंने कहा कि हम अपनी संस्कृति को भूल रहे हैं। इसके विपरीत यूरोपीय प्रणाली को अपना रहे हैं, जो हमारे देश के संस्कारों के खिलाफ जा रही है।
संस्कृति, सत्य, अहिंसा और मानवता हमारे देश के गुण हैं। हमारा खानपान आज बीमारी की ओर ले जा रहा है। लिहाजा, आज एलोपैथिक से अधिक नेचुरल पैथी की जरूरत है। पालमपुर में शांता कुमार की ओर से बनाया गया कायाकल्प इसका सबसे बड़ा उदाहरण है।
ऐसे संस्थान देश में बहुत कम हैं। इसे शांता कुमार ने लोगों के विश्वास और योगदान से बनाया है। इसके लिए लोगों ने पैसा देकर उन पर विश्वास किया था। ऐसी संस्थाओं को चलाने के लिए कठिन परिश्रम करना पड़ता।
24 साल पहले देखा था बड़े अस्पताल का सपना
वरिष्ठ भाजपा नेता एवं सांसद शांता कुमार ने कहा कि स्वामी विवेकानंद के जीवन से उन्हें राजनीति में बड़ी प्रेरणा मिली है। मन में राजनीति के साथ मानव सेवा का भाव था। इसे वह कायाकल्प और विवेकानंद मेडिकल इंस्टीट्यूट के माध्यम से कर रहे हैं। पालमपुर में स्वामी विवेकानंद प्रतिमा के अनावरण पर उन्होंने कहा कि कायाकल्प में अंत्योदय परिवारों का इलाज मुफ्त होता है।
साथ ही बीपीएल परिवारों को विशेष छूट दी जाती है। उन्हें 24 साल पहले की याद है, जब उन्होंने पालमपुर में एम्स जैसा बड़ा अस्पताल खोलने का सपना देखा था। लेकिन, 6 दिसंबर, 1992 को अयोध्या में बाबरी मस्जिद ढांचा गिरने पर उनकी सरकार को गिरा दिया गया। उन्होंने हिम्मत नहीं हारी और बाद में जनता के सहयोग से पालमपुर में विवेकानंद अस्पताल और कायाकल्प की स्थापना की।
यह दोनों संस्थान लोगों के सेवा में बेहतर कार्य कर रहे हैं। विवेकानंद अस्पताल के लिए लोगों ने 23 करोड़ इकट्ठा किए थे। इसी का नतीजा है कि पालमपुर में बड़ा अस्पताल बना है। विवेकानंद अस्पताल में जल्द दिल के रोगों का इलाज शुरू होगा। इसमें नर्सिंग कॉलेज भी चलाया जाएगा।
इस दौरान सांसद रामस्वरूप, विधायक सरवीण चौधरी, विपिन परमार, कृपाल परमार, रमेश धवाला, प्रवीण शर्मा, सुदर्शन शर्मा, संतोष शैलजा, विक्रम शर्मा, विनय शर्मा, राजीव भारद्वाज, हिमांशु मिश्रा, अजीत भारद्वाज, केसी शर्मा, कमलेश शर्मा, सुदेश राणा, किरण धीमान, स्नेह शर्मा आदि मौजूद रहे।