Himachal: आज से गांवाें में भी आएंगे पानी के बिल, बिजली हुई महंगी, लग्जरी बसाें में स्मार्ट कार्ड
हिमाचल प्रदेश में आज से बिजली महंगी हो गई है। साथ ही ग्रामीण इलाकों में भी आज से पानी के बिल आएंगे। एम्स बिलासपुर की ओपीडी में अब बिना आभा कार्ड के पर्ची नहीं बनेगी
विस्तार
हिमाचल में 1 अक्तूबर से पानी के बिल आएंगे और घरेलू उपभोक्ताओं के लिए भी 300 यूनिट के बाद एक रुपये प्रति यूनिट बिजली की सब्सिडी बंद हो जाएगी। राज्य में औद्योगिक घरानों को भी एक रुपये प्रति यूनिट विद्युत उपदान नहीं मिलेगा। प्रदेश में औद्योगिक बिजली उपभोक्ताओं को दी जाने वाली एक रुपये प्रति यूनिट की सब्सिडी बंद की गई है। घरेलू उपभोक्ताओं को भी 300 यूनिट तक ही सब्सिडी की राहत मिलेगी। इसी के साथ 1 अक्तूबर से नई दरों के साथ बिजली के बिल जारी किए जाएंगे।
300 यूनिट से कम बिजली की खपत करने वाले उपभोक्ताओं को स्लैब के अनुसार 1.83 रुपये से लेकर 3.53 रुपये की प्रति यूनिट की सब्सिडी मिलती रहेगी। प्रतिमाह 300 यूनिट से अधिक की खपत करने वालों को अब 1.03 रुपये की सब्सिडी नहीं मिलेगी। मंगलवार से पानी की भी नई दरें लागू होंगी। ग्रामीण इलाकों में भी पानी का बिल वसूला जाएगा। हर महीने प्रति कनेक्शन 100 रुपये बिल आएगा। इन क्षेत्रों में पानी के मीटर नहीं लगेंगे।
निगम की लग्जरी बसाें में भी आज से चलेगा स्मार्ट कार्ड, मिलेगी छूट
हिमाचल पथ परिवहन निगम की लग्जरी बसों में मंगलवार से यात्रियों को किराये में छूट मिलेगी। बसों में निगम के स्मार्ट कार्डधारक यात्रा के दौरान सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। सुविधा यात्रियों को 31 मार्च तक मिलेगी। निगम की ओर से आदेश जारी कर दिए गए हैं। स्मार्ट कार्ड धारक यात्रियों को वोल्वो और एसी बसों में किराये में 10 प्रतिशत की छूट मिलेगी। पहले सुविधा केवल साधारण बसों में ही थी।
एम्स बिलासपुर में अब बिना आभा नंबर के नहीं बनेगी रोगी की पर्ची
एम्स बिलासपुर की ओपीडी में अब बिना आभा कार्ड के पर्ची नहीं बनेगी। मरीजों के लिए आभा नंबर आवश्यक कर दिया गया है। पर्ची बनवाने के लिए मरीजों को मोबाइल में आभा एप को डाउनलोड करना होगा। उसमें आधार कार्ड और मोबाइल नंबर से रजिस्टर्ड करना होगा। मरीज को काउंटर पर उस नंबर को बताना होगा। लिपिक कंप्यूटर में नंबर को डालेगा। इससे मरीज के आधार कार्ड की जानकारी स्क्रीन पर आएगी। एम्स में आभा कार्ड बनवाने की जानकारी लंबे समय से दी जा रही है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.