ऑरेंज अलर्ट के बीच रोहतांग समेत चोटियों पर बर्फबारी, मैदानी में ओलावृष्टि के साथ बारिश
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
ऑरेंज अलर्ट के बीच गुरुवार को भी रोहतांग समेत प्रदेश की ऊंची चोटियों पर बर्फबारी जारी रही। मैदानी जिलों में ओलावृष्टि के साथ बारिश हुई। राजधानी शिमला में दिन भर बादल छाए रहने के साथ हल्की बूंदाबांदी हुई। गुरुवार को सूबे के अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की गिरावट दर्ज हुई। बर्फबारी से नेशनल हाइवे 305 आनी-कुल्लू पर वाहनों की आवाजाही ठप रही।
रोहतांग बहाली का अभियान भी रुक गया है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने शुक्रवार को भी भारी बारिश, बर्फबारी और ओलावृष्टि का ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। शनिवार को भी मौसम खराब रहने का आसार है। आठ और नौ मार्च को प्रदेश में मौसम साफ रहने का पूर्वानुमान है। दस मार्च से दोबारा मौसम खराब होने की संभावना है।
मौसम का मिजाज बिगड़ते ही रोहतांग दर्रा सहित कुल्लू व लाहौल की ऊंची चोटियों पर ताजा हिमपात हुआ। निचले क्षेत्रों में दिन भर बारिश का दौर जारी रहा। पहाड़ों पर हुई बर्फबारी के बाद घाटी में शीतलहर बढ़ गई है। खराब मौसम के चलते लाहौल में एचआरटीसी बसों का ट्रायल बाधित होने के साथ ही रोहतांग बहाली का अभियान भी रुक गया है। खराब मौसम ने घाटी के बागवानों और किसानों की चिंता बढ़ा दी है।
गुठलीदार फलों में अभी फ्लावरिंग का दौर चल रहा है। अधिक ठंड के चलते तापमान में गिरावट से बागवानों को नुकसान उठाना पड़ सकता है। चंबा जिला के पांगी,भरमौर की चोटियों पर भी ताजा बर्फबारी हुई। पांगी के लिए हेलीकॉप्टर सेवा भी मौसम खराब रहने से नहीं हो सकी। जिला सिरमौर के नौहराधार, हरिपुरधार और चूड़धार भी भी बर्फबारी हुई।
उधर, हमीरपुर, मंडी, कांगड़ा के कई क्षेत्रों में वीरवार को ओलावृष्टि और बारिश हुई। गुरुवार को ऊना में अधिकतम तापमान 21.3, नाहन में 20.6, कांगड़ा में 20.2, बिलासपुर-सुंदरनगर में 19.5, हमीरपुर में 19.3, सोलन में 17.4, धर्मशाला में 14.8, शिमला में 11.6 और कल्पा में 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। बुधवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 6.4, कल्पा में माइनस 0.2, कुफरी में शून्य, मनाली में 1.4 और शिमला में 4.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ।
रोहतांग 30
कोकसर 20
मढ़ी 15
गुलाबा 12
केलांग 10
जलोड़ी दर्रा 10
सोलंगनाला 08