Una News: सोसायटी भवन निर्माण की वीडियो बनाने को लेकर दो गुटों में मारपीट, क्रॉस एफआईआर दर्ज
ऊना जिले के थाना बंगाणा के तहत चमियाणी गांव में सोसायटी भवन के निर्माण की वीडियोग्राफी करने को लेकर हुए विवाद के बाद दो गुटों में मारपीट की घटना सामने आई है।
विस्तार
हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले के थाना बंगाणा के तहत चमियाणी गांव में सोसायटी भवन के निर्माण की वीडियोग्राफी करने को लेकर हुए विवाद के बाद दो गुटों में मारपीट की घटना सामने आई है। पुलिस के दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर क्रॉस एफआईआर दर्जकर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार एक पक्ष से शिकायतकर्ता विजय सिंह निवासी गांव मतोह तहसील बंगाणा जिला ऊना ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि बीते मंगलवार को वह किसी काम से चमियाड़ी की ओर जा रहा था। रास्ते में सोसायटी का निर्माण कार्य चल रहा था। इसकी उसने अपने मोबाइल फोन से वीडियोग्राफी की। उसी समय धर्म चंद निवासी गांव जंडाणा, तहसील बंगाणा जिला ऊना वहां आया और वीडियो बनाने को लेकर उससे बहस करने लगा। शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि जब वह जाने लगा तो आरोपी ने रास्ता रोक लिया और उसके साथ मारपीट शुरू कर दी और धमकियां भी दीं।
वहीं, दूसरे पक्ष से शिकायतकर्ता धर्म चंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह चमियाड़ी सोसायटी का प्रधान है। चमियाड़ी सोसायटी की दूसरी मंजिल का काम चल रहा है। वह मंगलवार को व्यवस्था के लिए वहां मौजूद था। सुबह करीब 11:30 बजे उसने देखा कि विजय सिंह निवासी गांव मतोह अपने मोबाइल फोन से उस काम की वीडियोग्राफी कर रहा था। जब उसने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसके साथ अभद्र भाषा का प्रयोग करना शुरू कर दिया। शिकायतकर्ता ने कहा कि जब वह मौके से जाने लगा तो आरोपी ने रास्ता रोककर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक संजीव भाटिया ने बताया कि मामले की जांच जारी हैं। दोनों पक्षों से पूछताछ कर जांच को आगे बढ़ाया जाएगा।