छत पर लगाएं सौर ऊर्जा संयंत्र, बिजली बेचने पर मिलेंगे इतने रुपये
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
घर की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने वालों से बिजली बोर्ड पांच रुपये प्रति यूनिट के दाम पर बिजली खरीदेगा। संयंत्र लगाने के लिए पचास फीसदी से कम सब्सिडी लेने वालों को सरकार ने यह नया विकल्प दिया है।
80 फीसदी सब्सिडी लेने पर ढाई रुपये प्रति यूनिट की दर से ही बिजली खरीदी जाएगी। हिम ऊर्जा के मुख्य कार्यकारी निदेशक आशुतोष गर्ग ने बुधवार को शिमला में यह खुलासा किया।
उन्होंने बताया कि बिजली खरीदने के लिए सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने वाले घरों को बिजली बोर्ड ग्रिड से जोड़ेगा। बिजली के आदान-प्रदान की जानकारी रखने के लिए घरों में टू-वे बिजली मीटर लगाए जाएंगे।
घर की छत पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए अब लोगों को 80 फीसदी की सब्सिडी मिलेगी। सरकार ने संयंत्र लगाने के लिए 47 कंपनियों को पंजीकृत किया है। लोगों को संयंत्र लगाने के लिए एक फार्म भर कर हिम ऊर्जा के जिला परियोजना अधिकारी को देना होगा।
14300 रुपये में लगेगा एक किलोवाट का संयंत्र
एक किलोवाट का सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने के लिए लोगों को 14300 रुपये खर्च करने पड़ेंगे। संयंत्र को लगाने का कुल खर्च करीब 61 हजार रुपये पड़ता है। इसमें 80 फीसदी सब्सिडी मिलने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी। एक किलोवाट से लेकर 10 किलोवाट तक का प्लांट लगाया जा सकता है।
शिमला के 62 सरकारी भवनों में लगेंगे सौर ऊर्जा संयंत्र
एक किलोवाट का प्लांट प्रतिदिन 5 यूनिट बिजली पैदा करता है। घर पर सौर ऊर्जा का उत्पादन कर अपना बिजली बचाने और पैसा कमाने के लिए छत पर कम से कम 10 गुणा 10 फीट की जगह होनी चाहिए।
गर्ग ने बताया कि राजधानी में स्थित 62 सरकारी भवनों में एक साल के भीतर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित किए जाएंगे। केंद्र सरकार से इसके लिए सब्सिडी प्राप्त हो गई है।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार 180 सौर मित्रों को भी प्रशिक्षित करने जा रही है। केंद्र सरकार की इस योजना में आईटीआई कर चुके बेरोजगारों को सौर ऊर्जा संयंत्रों की मरम्मत के लिए निशुल्क प्रशिक्षण दिया जाएगा।