जरूर पढ़ें, एसएमसी से तैनात शिक्षकों की सेवाएं समाप्त
प्रदेश के स्कूलों में एसएमसी के तहत रखे सैकड़ों कंप्यूटर शिक्षकों की सेवाएं समाप्त कर दी गई हैं। अतिरिक्त मुख्य सचिव शिक्षा पीसी धीमान के आदेश पर शिक्षा निदेशालय ने जिला उपनिदेशकों को निदेशक की अनुमति के बिना तैनात कंप्यूटर शिक्षकों को हटाने के आदेश जारी किए हैं।
प्रदेश के कई स्कूलों में एसएमसी के तहत पीरियड आधार पर पीजीटी (कंप्यूटर शिक्षक) तैनात किए गए थे। ऊना और शिमला जिले में इस तर्ज पर सबसे ज्यादा नियुक्तियां हुई हैं। शिक्षा विभाग की ओर से आउटसोर्सिगिं पर रखे कंप्यूटर शिक्षक इसका विरोध कर रहे थे। उनका तर्क था कि अगर एसएमसी से ही नियुक्तियां होती रहीं तो सरकार उन्हें कैसे तैनाती देगी।
आउटसोर्सिगिं पर रखे शिक्षक ही स्कूलों में पढ़ाएंगे
बीते दिनों शिक्षा विभाग ने प्रदेश के स्कूलों में स्कूल मैनेजमेंट कमेटी (एसएमसी) के माध्यम से कंप्यूटर शिक्षक भर्ती पर रोक लगा दी थी। निर्देश दिए थे कि निजी कंपनी की ओर से आउटसोर्सिगिं पर रखे 1500 कंप्यूटर शिक्षक ही स्कूलों में पढ़ाएंगे। लेकिन, कई स्कूलों में बिना अनुमति एसएमसी से कंप्यूटर शिक्षक पहले ही रख लिए थे। इस वजह से तैनाती में दिक्कत आ रही थी।
अब एसएमसी आधार पर तैनात कंप्यूटर शिक्षकों की सेवाएं समाप्त करने के आदेश जारी कर दिए हैं। उच्च शिक्षा निदेशक दिनकर बुराथोकी ने एसएमसी से तैनात पीजीटी कंप्यूटर शिक्षकों की सेवाएं समाप्त करने की अधिसूचना जारी कर दी है। उन्होंने कहा कि जहां मनमर्जी से नियुक्तियां हुई हैं वहां उन्हें रदद करने के आदेश दिए गए हैं।