लाखों कर्मचारियों और पेंशनरों को दिवाली का बड़ा तोहफा
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
हिमाचल सरकार ने चार लाख कर्मचारियों और पेंशनरों को दिवाली का तोहफा दिया है। सोमवार को सरकार ने छह फीसदी महंगाई भत्ता देने की अधिसूचना जारी कर दी। प्रदेश के सभी कर्मचारियों और पेंशनरों को बढ़ा डीए अक्तूबर माह के वेतन और पेंशन के साथ मिलेगा।
सरकार ने महंगाई भत्ता 119 से बढ़ाकर 125 प्रतिशत कर दिया गया है। ये 1 जनवरी 2016 से देय होगा। अतिरिक्त मुख्य सचिव वित्त श्रीकांत बाल्दी ने सोमवार को बढ़ा महंगाई भत्ता देने की अधिसूचना जारी कर दी है।
राज्य सरकार अपने कर्मचारियों को एक जनवरी से 30 सितंबर 2016 तक का डीए एरियर जीपीएफ खाते में डालेगी। बीच में सेवानिवृत्त हुए कर्मचारियों, जीपीएफ खाते बंद करने वाले कर्मचारियों एवं कंट्रीब्यूटरी पेंशन स्कीम के तहत कर्मचारियों को बढ़े हुए डीए के एरियर का भुगतान नकद किया जाएगा।
इनको मिलेगा लाभ
यह आदेश अखिल भारतीय सेवाएं अधिकारियों, हिमाचल प्रदेश न्यायिक सेवाएं अधिकारियों और यूजीसी पे स्केल में कवर होने वाले सरकारी कर्मचारियों पर लागू होंगे।
पेंशन और फैमिली पेंशन पर महंगाई भत्ता और एरियर अक्तूबर महीने की पेंशन के साथ नवंबर में मिलेगा। बोर्ड-निगम, विश्वविद्यालय और स्वायत्त संस्थाएं अपने कर्मचारियों को डीए मौजूद संसाधनों के हिसाब से अपने स्तर पर जारी करेंगे।
एचपीटीडीसी के कर्मियों के दिवाली बोनस को मंजूरी
हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम (एचपीटीडीसी) के एक हजार से अधिक अधिकारियों और कर्मचारियों को दिवाली बोनस दिया जाएगा। सोमवार को मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की अध्यक्षता में हुई निगम के निदेशक मंडल की बैठक में इस प्रस्ताव को मंजूरी दी गई।
अधिकतम सात हजार रुपये बोनस दिया जाएगा। बैठक में 56 दैनिक वेतन भोगी और कंटिजेंट कर्मियों को जिन्होंने 31 मार्च 2016 और 30 सितंबर 2016 को सात वर्ष का नियमित कार्यकाल पूरा कर लिया है, उन्हें नियमित करने और यूटिलिटी वर्कर्स के 100 पद भरने को भी मंजूरी दी गई।
सीधी भर्ती से प्रबंधक, सहायक प्रबंधकों के 5 पद भरने का फैसला भी लिया गया। 63 यूटिलिटी वर्करों के पदों का परिणाम इस माह के अंत तक निकाला जाएगा। कुल 100 यूटिलिटी वर्करों के पद भरे जाएंगे।
मुख्य सचिव वीसी फारका ने निगम की छोटी इकाइयों में ईंधन और खाद्य लागत दर के मामले को अगली बैठक में लाने को कहा है। उन्होंने कहा कि तत्तापानी में शीघ्र ही जल क्रीड़ा को शुरू किया जाएगा।