Cyber Crime: महिलाओं को मोहरा बना बुजुर्गों को निशाना बना रहे साइबर ठग, अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें
साइबर क्राइम विभाग के मुताबिक बुजुर्ग सोशल मीडिया पर जाने-अनजाने में ऐसे ठगों के चंगुल में फंस जाते हैं। छह महीने में ही पुलिस के पास करीब तीन दर्जन से अधिक ऐसी शिकायतें आ चुकी हैं।
विस्तार
बुजुर्गों का सोशल मीडिया पर अधिक समय बिताना उन्हें साइबर ठगों के निशाने पर ला रहा है। खासकर सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों को साइबर अपराधी आए दिन धोखाधड़ी का शिकार बना रहे हैं। साइबर क्राइम विभाग के मुताबिक बुजुर्ग सोशल मीडिया पर जाने-अनजाने में ऐसे ठगों के चंगुल में फंस जाते हैं। छह महीने में ही पुलिस के पास करीब तीन दर्जन से अधिक ऐसी शिकायतें आ चुकी हैं जिसमें सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी साइबर ठगी का शिकार हुए हैं।
हाल ही में मंडी के एक सेवानिवृत्त अधिकारी विदेशी महिला से दोस्ती करके एक करोड़ रुपये की ठगी का शिकार हुए हैं। इससे पहले भी कई ऐसे मामले सामने आ चुके हैं, जिसमें सेवानिवृत्त अधिकारियों और कर्मचारियों से धोखाधड़ी हुई है। इसमें महिलाओं की अपेक्षा पुरुषों की संख्या अधिक है। विशेषज्ञों के मुताबिक सेवानिवृत्ति के बाद लोगों के पास खाली समय अधिक होता है। रिटायरमेंट पर मिली लाखों रुपये की राशि पर ठगों की नजर रहती है।
सोशल मीडिया के जरिये जाल में फंसा रहीं महिलाएं
व्हाट्सएप, टेलीग्राम समेत अन्य सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर सक्रिय रहने के दौरान बुजुर्ग ऐसे कई लिंक पर क्लिक कर देते हैं, जिससे वह साइबर ठगों के झांसे में फंस जाते हैं। इसके अलावा बुजुर्ग सेक्सट्रॉशन (झांसे में लेकर अश्लील तस्वीरें खींचना और फिर ब्लैकमेल करना) का भी शिकार हो रहे हैं। इसमें किसी भी अनजान महिला को वीडियाे कॉल करके बुजुर्ग फंस जाते हैं और फिर उनसे बदनाम करने की धमकी देकर लाखों रुपये ऐंठ लिए जाते हैं। साइबर क्राइम विभाग के मुताबिक किसी तरह की ऑनलाइन ठगी का शिकार होने पर लोग फौरन इसकी सूचना 1930 पर दें, जितना जल्दी लोग शिकायत करेंगे उनके पैसे वापस आने की उम्मीद भी उतनी अधिक रहेगी।
अज्ञात लिंक पर क्लिक न करें
सोशल मीडिया पर अपनी निजी जानकारियां शेयर न करें
गूगल प्ले स्टोर और एप्पल एप स्टोर जैसे भरोसेमंद प्लेटफार्म से ही एप डाउनलोड करें
एकमुश्त लाखों की ट्रांजेक्शन करने से बचें
ऑनलाइन मिलने वाले प्रलोभन और कार्रवाई का डर दिखाने पर न डरें
अब तक आ चुकी हैं 36 शिकायतें
सेवानिवृत्त अधिकारी और कर्मचारी सोशल मीडिया पर अधिक समय व्यतीत करते हैं। इस वजह वह साइबर अपराधियों के निशाने पर आ रहे हैं। साइबर क्राइम विभाग के पास तीन दर्जन के करीब ऐसी शिकायतें आई हैं। हमारी अपील की है कि लोग ठगी होने पर फौरन 1930 पर कॉल करें और ऑनलाइन डरा धमकाकर या प्रलोभनों पर पैसे देने से बचें। लोग जितना जल्दी शिकायत करेंगे उनके पैसे वापस आने की भी उम्मीद उतनी ही अधिक रहेगी।
-मोहित चावला, डीआईजी, साइबर क्राइम