शिमला में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, 10 गिरफ्तार
कॉल गर्ल की ऑनलाइन बुकिंग करने वाली एक हाई प्रोफाइल एस्कॉर्ट सर्विस एजेंसी का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। ग्राहक बनकर पुलिस ने एस्कॉर्ट सर्विस एजेंसी से संपर्क किया और सोमवार देर रात एक होटल में छापा मारकर तीन लड़कियों और तीन ग्राहकों को गिरफ्तार किया। इस पूरी कार्रवाई में अब तक पांच लड़कियों समेत दस की गिरफ्तारी हुई है।
गिरफ्त में आई लड़कियों में एक जम्मू, एक उत्तराखंड, एक नेपाल और दो चंडीगढ़ की हैं। इनकी उम्र 18 से 23 साल है। गिरफ्तार ग्राहकों में एक पंजाब और दो मुंबई के हैं जबकि एजेंट दीपक सैणी चंडीगढ़ का रहने वाला है। रजिस्टर में केवल एक ही कमरे की एंट्री करने पर होटल मैनेजर छेरिंग नेमगेल को भी हिरासत में लिया गया है। आरोपियों से 76 हजार रुपये भी बरामद किए गए हैं।
एसपी शिमला डीडब्ल्यू नेगी ने बताया कि सभी आरोपियों के खिलाफ थाना बालूगंज में मुकदमा दर्ज किया गया है। तीन युवतियों को तीन ग्राहकों के साथ होटल से पकड़ा गया है। मंगलवार को आरोपी युवतियों का डीडीयू अस्पताल में मेडिकल भी करवाया गया है।
पुलिस ने ऐसे बिछाया जाल
एएसपी सिटी भजन देव नेगी के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। इंटरनेट पर ऐसी दर्जनों एस्कॉर्ट सर्विस की साइटें हैं, जो शिमला में कॉल गर्ल उपलब्ध करवाने का दावा करती हैं। पुलिस ने ऐसी ही एक एस्कॉर्ट सर्विस से ग्राहक बनकर संपर्क किया। शिमला के एक होटल में दो कॉल गर्ल भेजने की बात कही गई।
पुलिस से एक नाइट की तेरह हजार में डील
एक कॉल गर्ल की फीस एक नाइट की तेरह हजार में फाइनल हुई। सौदा होने के बाद एजेंट दीपक सैणी दो लड़कियों को लेकर होटल परिसर के पास पहुंचा। पुलिस यहां सादा वर्दी में तैनात थी। कॉल गर्ल, एजेंट के पहुंचते ही इन्हें दबोच लिया गया। इन्हें पुलिस स्टेशन बालूगंज ले जाया गया।
एजेंट से पूछताछ के बाद मारा छापा
पुलिस पूछताछ में एजेंट ने बताया कि तीन और कॉल गर्ल होटल में ग्राहकों के पास हैं। इस पर पुलिस ने होटल में छापा मारकर तीन अलग-अलग कमरों से कॉल गर्ल और ग्राहकों को पकड़ लिया।