अस्पताल में खराब मशीन में रख दिया नवजात, मौत
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
सिविल अस्पताल सुंदरनगर में नवजात शिशु की मौत पर परिजनों ने अस्पताल के चिकित्सक पर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि जिस मशीन में बच्चे को रखा गया था वह तकनीकी रूप से खराब थी। अभिभावक मशीन की खराबी को भी बच्चे की मौत का कारण मान रहे हैं।
अभिभावक जब इस सिलसिले में थाने पहुंचे तो पुलिस अधिकारियों ने उन्हें मृत शिशु का पोस्टमार्टम करवाने की हिदायत दी। पुलिस की हिदायत पर परिजन एक बार फिर सिविल अस्पताल सुंदरगनर पहुंचे, लेकिन यहां पर तैनात डॉक्टर ने मृत शिशु को पोस्टमार्टम के लिए शिमला ले जाने की बात कही। परिजनों में अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ रोष व्याप्त है।
परिजनों ने आरोप लगाया कि शनिवार दोपहर सवा दो बजे जन्म के बाद डॉक्टर एक बार भी बच्चे को देखने नहीं आए। बच्चे ने रविवार सुबह नौ बजे दम तोड़ दिया। इस बात से खफा परिजन सुंदरनगर पुलिस स्टेशन में प्राथमिकी दर्ज करवाने गए तो पुलिस ने मृत शिशु का पोस्टमार्टम करवाने की हिदायत दी।
परिजन मृत बच्चे को लेकर एक बार फिर सिविल अस्पताल सुंदरनगर पहुंचे, लेकिन डॉक्टर ने शिमला में पोस्टमार्टम करवाने को कहा। चांबी पंचायत निवासी मृत बच्चे के पिता कृष्ण कुमार ने कहा कि बच्चे के जन्म के बाद एक बार भी डॉक्टर उसे देखने नहीं आया। इस कारण नवजात बच्चे की मौत हो गई।
बताया जा रहा है कि अस्पताल में मौजूद मॉनिटरिंग मशीन सही रीडिंग नहीं दे रही है, उसका ऑटोकट ऑफ व टेंपरेचर कंट्रोल सही ढंग से काम नहीं कर रहा है। अभी हाल ही में 10 दिन पहले इस मशीन को ठीक करवाया गया था, लेकिन यह अभी भी सही रीडिंग नहीं दे रही है। कृष्ण कुमार ने बताया कि बच्चे की हालत बिगड़ने पर विशेषज्ञ डॉक्टर को बार-बार बुलाया गया।
लेकिन डॉक्टर ने फोन पर ही उपचार बताया। उन्होंने विभागीय अधिकारियों से मामले की जांच की मांग उठाई है। एसएमओ सिविल अस्पताल सुंदरनगर डा. जावेद ने बताया कि इस तरह के मामले में किसी अन्य अस्पताल अथवा स्पेशलिस्ट की राय जरूरी रहती है।
इस कारण शिमला में पोस्टमार्टम करवाने की सलाह दी गई होगी। अस्पताल में छह से आठ बेबी वार्मर मशीनें है। मशीन में तकनीकी खामी के बारे में जानकारी नहीं है। मामले की जांच की जाएगी। सीएमओ, मंडी देशराज शर्मा ने बताया कि मामले की जांच करवाई जाएगी। बच्चे के इलाज में यदि कोताही बरती गई है तो कार्रवाई की जाएगी।