साधु बाबा ने पैसों को बना दिया पत्थर और फिर..
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
मजदूर के हजारों रुपए के नोटों को बाबा ने पलक झपकते ही पत्थर बना दिया। फिर उसे चमत्कारी बताकर वापस कर दिया। थोड़ी देर बाद ही बाबा के पाखंड का पता चल गया। मगर जब तक मजदूर ये सच्चाई जान पाता बाबा भी गायब हो चुके थे।
यह मामला हिमाचल के जिला ऊना के गगरेट-अंब मार्ग पर सामने आया। यहां एक कथित बाबा ने अपने मायाजाल में फंसाकर एक व्यक्ति को चार हजार का चूना लगा डाला। घटना सोमवार दोपहर की है। पीड़ित दिहाड़ी-मजदूरी करता है।
क्षेत्र में घटना को लेकर लोगों में चर्चा का बाजार गर्म रहा। जानकारी के अनुसार सोमवार दोपहर को एक व्यक्ति अपने काम से जा रहा था कि इसी दौरान रास्ते में उसे एक साधु बाबा मिला।
ऐसे अंजाम दी ठगी
बाबा ने उसे बातों में उलझाकर उसके पास जेब में रखी चार हजार की नकदी को हथेली पर रख लिया और देखते ही देखते नकदी को गायब कर पत्थर बना दिया, जिससे व्यक्ति हैरान हो गया।
बाबा ने व्यक्ति से कहा कि इस पत्थर को संभालकर रखना, जो हमेशा तेरे काम में बरकत करेगा। उस वक्त तो पीड़ित बाबा के कथित झूठे चमत्कार के वश में था, लेकिन घर पहुंचते ही उसे अहसास हुआ कि बाबा ने उसे चूना लगा दिया है। उसके बाद पीड़ित ने आपबीती लोगों को सुनाई। इस पर जांच शुरू की गई, लेकिन तब तक साधु वेशधारी काफी दूर निकल चुका था।
अंब डीएसपी जितेंद्र चौधरी ने बताया कि इस तरह की उनके पास कोई शिकायत नहीं आई है। शिकायत मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। वहीं, उन्होंने आम लोगों से अपील की है कि ऐसे किसी भी संदिग्ध के झांसे में न आएं और इसकी सूचना पुलिस को दें।