कोरोना वायरस: हिमाचल में 10वीं-12वीं कक्षा समेत स्नातक स्तर की परीक्षाएं स्थगित
शिक्षा बोर्ड की ये परीक्षाएं 13 अप्रैल से शुरू हुई थीं। जबकि हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की स्नातक स्तर की परीक्षाएं 17 अप्रैल से शुरू होनी थीं।
विस्तार
कोरोना के बढ़ते मामलों के चलते हिमाचल प्रदेश में 10वीं, 12वीं कक्षा की राज्य स्कूल शिक्षा बोर्ड की और प्रदेश विश्वविद्यालय की यूजी(स्नातक स्तर) की वार्षिक परीक्षाएं 17 मई तक स्थगित कर दी गई हैं। सीबीएसई के फैसले के बाद प्रदेश सरकार ने बुधवार शाम को उच्च स्तरीय बैठक के बाद इन परीक्षाओं को स्थगित करने का फैसला लिया। अब एक मई को स्थिति की समीक्षा करने के बाद आगामी फैसला लिया जाएगा। कोरोना संक्रमण अगर नहीं बढ़ा तो 18 मई से दोबारा परीक्षाएं शुरू होंगी।
10वीं कक्षा की हिंदी और 12वीं कक्षा की अंग्रेजी विषय की परीक्षाएं बोर्ड 13 अप्रैल को ले चुका है। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय की ओर से कॉलेजों में 17 अप्रैल से स्नातक डिग्री कोर्स की परीक्षाएं ली जानी थीं। शिक्षा सचिव राजीव शर्मा ने परीक्षाएं स्थगित करने के लिखित निर्देश जारी कर दिए हैं। शिक्षा बोर्ड के तहत 10वीं और 12वीं कक्षा के पंजीकृत 2,46,811 परीक्षार्थियों ने 13 अप्रैल को पहली परीक्षा दी। कोविड काल के बीच शुरू हुई परीक्षाओं में सामाजिक दूरी कायम रखने के लिए 2137 परीक्षा केंद्र बनाए गए थे। सुबह और शाम के सत्र में परीक्षाएं ली गई।
कोरोना संक्रमित विद्यार्थियों की परीक्षाएं एक माह बाद लेने का फैसला लिया था। बोर्ड के अनुसार 10वीं कक्षा में नियमित 1,16,954 विद्यार्थियों, जबकि 14,931 परीक्षार्थियों की एसओएस के तहत परीक्षाएं ली जानी हैं। 12वीं कक्षा की नियमित कक्षाओं से 1,00,982, जबकि एसओएस के तहत 13,944 परीक्षार्थियों ने पंजीकरण करवाया है। उधर, स्नातक डिग्री कोर्स की परीक्षाओं में शामिल होने वाले प्रदेश भर के करीब डेढ़ लाख छात्र-छात्राओं के लिए 154 परीक्षा केंद्र स्थापित करने की योजना थी।
हिमाचल में सीबीएसई दसवीं के 15 हजार विद्यार्थी
हिमाचल प्रदेश में सीबीएसई की दसवीं कक्षा में पढ़ने वाले करीब 15 हजार विद्यार्थियों की परीक्षाएं रद्द हुई हैं। उधर, बारहवीं कक्षा के करीब नौ हजार विद्यार्थियों की परीक्षाओं को लेकर एक जून तक इंतजार करना होगा।
सीयू गुरुवार को लेगा परीक्षाओं पर फैसला
हिमाचल प्रदेश केंद्रीय विश्वविद्यालय में पहले से परीक्षाएं चल रही हैं। आगे परीक्षाओं के संचालन को लेकर सीयू प्रशासन गुरुवार को बैठक कर फैसला लेगा। सीयू कुलपति प्रो. डॉ. रोशन लाल शर्मा ने बताया कि सरकार की गाइडलाइन के तहत काम किया जा रहा है।
पीजी की परीक्षाएं रहेंगी जारी
प्रदेश सरकार के स्नातक परीक्षाओं को कोरोना के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्थगित करने के फैसले के बाद हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय कोई नई परीक्षा शुरू नहीं करेगा। विवि के परीक्षा नियंत्रक डॉ. जेएस नेगी ने कहा कि 17 अप्रैल से शुरू होने वाली स्नातक की सभी परीक्षाएं भी स्थगित कर दी हैं। पीजी कोर्स की शेष बची परीक्षाएं जारी रहेंगी। बीडीएस, एमडीएस की परीक्षाओं पर फैसला नहीं लिया गया है।