कोरोना पॉजिटिव की मौत के बाद हिमाचल पुलिस मुख्यालय सील, डीजीपी होम क्वारंटीन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पुलिस मुख्यालय में डीजीपी संजय कुंडू से मुलाकात के सात दिन बाद एक कोरोना पॉजिटिव की दिल्ली में मौत की खबर के साथ ही पुलिस मुख्यालय सील कर दिया गया। मंगलवार को सूचना मिलने के फौरन बाद डीजीपी संजय कुंडू भी होम क्वारंटीन हो गए। डीजीपी संजय कुंडू की ओर से स्वास्थ्य विभाग को जानकारी देने के बाद डीडीयू से एक टीम पुलिस मुख्यालय पहुंची। स्वास्थ्य विभाग की टीम ने सैनिटाजेशन के बाद कुंडू समेत 28 लोगों के सैंपल लिए। टीम के पहुंचने तक डीजीपी के कमरे के अलावा हर उस स्थान पर किसी को भी जाने की इजाजत नहीं थी जहां वह व्यक्ति गया था। शाम करीब छह बजे कुंडू की प्रारंभिक रिपोर्ट निगेटिव आ गई। आइजीएमसी के प्राचार्य डॉ रजनीश पठानिया ने इस बात की पुष्टि की है। हालांकि कुंडू व अन्य की विस्तृत रिपोर्ट खबर लिखे जाने तक नहीं आई थी।
सूत्रों के अनुसार डीजीपी के पद पर कुंडू की तैनाती के बाद दिल्ली के एक व्यक्ति ने एक जून को पीएचक्यू पहुंचकर कुंडू को बधाई दी और वहां मौजूद अधिकारियों को मिठाई बांटी थी। इसके बाद शाम को वह दिल्ली लौट गया जहां 8 जून को उसकी मौत हो गई। पुलिस मुख्यालय के प्रवक्ता डा. खुशहाल शर्मा ने बताया कि डीजीपी फिलहाल होम क्वारंटीन हैं और अन्य लोगों के कोविड टेस्ट की रिपोर्ट आने के बाद स्वास्थ्य विभाग के प्रोटोकॉल के तहत ही कार्रवाई की जाएगी। कोविड मरीज की मौत और पुलिस मुख्यालय में आने की सूचना सामने आने के बाद पुलिस मुख्यालय में हड़कंप मच गया। सभी अधिकारियों-कर्मचारियों को अपने-अपने स्थान पर ही रहने को कह दिया गया।
पुलिस मुख्यालय के सभी कर्मी होम क्वारंटीन रहेंगे
डीजीपी के कोरोना संक्रमित मृतक व्यक्ति के संपर्क में आने की आशंका के चलते होम क्वारंटीन पर जाने के बाद अब प्रशासन ने मुख्यालय में तैनात अन्य कर्मियों को भी होम क्वारंटीन पर भेजने का निर्णय लिया है। कुंडू के क्वारंटीन होने के साथ ही पीएचक्यू से लेकर राज्य सचिवालय और सरकार तक में हड़कंप मच गया। दरअसल, कुंडू ने पदभार संभालने के बाद राज्यपाल से लेकर मुख्यमंत्री, मंत्रियों, विधानसभा अध्यक्ष और अफसरों तक से मुलाकात की थी। ऐसे में सभी के क्वारंटीन होने का खतरा मंडराने लगा था।
डीजीपी कुंडू के होम क्वारंटीन में जाने के बाद सचिवालय में हड़कंप
दिल्ली के व्यक्ति की कोरोना वायरस से मौत के बाद नए डीजीपी संजय कुंडू होम क्वारंटीन पर चले गए हैं। वे इस व्यक्ति के संपर्क में आए थे। इससे हिमाचल प्रदेश सचिवालय में हड़कंप मंच गया है। नया पद संभालने के बाद कुंडू सचिवालय परिसर पहुंचे थे। प्रदेश सचिवालय कर्मचारी सेवाएं संघ के नेताओं का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को सचिव एसएडी देवेश कुमार से मिला और सचिवालय कर्मचारियों में दहशत के माहौल से भी अवगत कराया गया। सचिवालय में सामाजिक दूरी बनाए रखने के लिए 50 फीसदी स्टाफ बुलाया जाए।
संघ के अध्यक्ष संजीव कुमार ने कहा कि नए डीजीपी संजय कुंडू के क्वारंटीन में जाने के बाद से सचिवालय के स्टाफ में दहशत का माहौल बना हुआ है। कि डीजीपी कुंडू ने जब नया पद संभाला था तो उसके बाद वह सचिवालय में आए थे और अपने पुराने स्टाफ से भी मिले थे। संघ के पदाधिकारियों ने सचिवालय प्रशासन से मांग की है कि सचिवालय के भीतर किसी भी बाहरी व्यक्ति को प्रवेश पर पाबंदी लगाई जाए, जब तक की स्थिति सामान्य नहीं हो जाती।