दिल्ली पहुंच गई हिमाचल कांग्रेस की लड़ाई
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विधानसभा क्षेत्र गगरेट में कांग्रेस की अंतर्कलह दिल्ली दरबार पहुंच गई है। युकां अध्यक्ष और सरकार की बेरुखी से आजिज कांग्रेस विधायक राकेश कालिया राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मिलने दिल्ली गए हैं। पुख्ता सूत्रों के मुताबिक राकेश कालिया ने शनिवार को दस जनपथ स्थित कांग्रेस मुख्यालय में राहुल गांधी से मुलाकात कर इस विवाद पर उनसे बातचीत की।
बताया जा रहा है कि वर्चस्व की जंग में कालिया के तेवर कड़े हैं। सियासी लिहाज से संवेदनशील दौर में वह कोई कठोर कदम उठा सकते हैं। उधर, गगरेट कांग्रेस में कालिया समर्थकों ने भी प्रदर्शन की तैयारी कर ली है। कांग्रेस के इतिहास में यह पहली बार है कि सत्तासीन पार्टी के खिलाफ कार्यकर्ता खुलकर सामने आ गए हैं।
इस बहाने न केवल चिंतपूर्णी के विधायक कुलदीप कुमार से कालिया की पुरानी रार सामने आएगी, बल्कि पूर्व सीपीएस राजेश धर्माणी का मामला भी उठ सकता है। इससे पूर्व कांग्रेस सरकार में वरिष्ठ मंत्री जीएस बाली तथा कौल सिंह ठाकुर भी अपने पदों से इस्तीफे की पेशकश कर चुके हैं।
नेताओं की अनदेखी से घिरी कांग्रेस
कहा जा सकता है कि संगठन में कुछ नेताओं की अनदेखी से प्रदेश में सत्तासीन कांग्रेस अपने ही तीरों से घिरती नजर आ रही है। इधर, गगरेट में विधायक राकेश कालिया के कट्टर समर्थक देवी लाल ने प्रदेश युकां अध्यक्ष एवं मुख्यमंत्री के पुत्र विक्रमादित्य सिंह के खिलाफ बयान जारी कर आग में घी डाल दिया है।
देवी लाल की दलील है कि पांच प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्षों के साथ काम करने के बाद उन्हें किसी नौसिखिए से राजनीति का ककहरा सीखना पड़े तो यह उनके लिए शर्मनाक है। जिला कांग्रेस कमेटी के सदस्य देवी लाल गगरेट युकां के पूर्व प्रधान रह चुके हैं।
उन्होंने साफ कहा कि उन्हें इंसाफ नहीं मिला तो समर्थक सड़कों पर उतर कर आंदोलन करेंगे। उधर, विधायक राकेश कालिया ने कहा कि वह दिल्ली में हैं और उनकी राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात प्रस्तावित है।