{"_id":"64a98c03d58daf970d0acca6","slug":"conductor-was-taking-three-passengers-without-ticket-in-hrtc-bus-suspended-2023-07-08","type":"story","status":"publish","title_hn":"Shimla News: एचआरटीसी बस में तीन यात्रियों को बिना टिकट ले जा रहा था कंडक्टर, निलंबित","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Shimla News: एचआरटीसी बस में तीन यात्रियों को बिना टिकट ले जा रहा था कंडक्टर, निलंबित
Sun, 09 Jul 2023 01:39 PM IST
Krishan Singh
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
अमर उजाला ब्यूरो, शिमला
Published by: Krishan Singh
Updated Sun, 09 Jul 2023 01:39 PM IST
सार
एचआरटीसी की साधारण बस में 3 यात्रियों को बिना टिकट दिए ले जा रहे कंडक्टर को निलंबित कर किया गया है। एचआरटीसी मुख्यालय के निरीक्षण दस्ते ने दिल्ली से रामपुर जा रही बस को शुक्रवार रात 11:37 बजे डेराबस्सी के पास निरीक्षण के लिए रोका।
विज्ञापन
एचआरटीसी कंडक्टर निलंबित(सांकेतिक)
- फोटो : अमर उजाला
विस्तार
हिमाचल पथ परिवहन निगम(एचआरटीसी) की साधारण बस में 3 यात्रियों को बिना टिकट दिए ले जा रहे कंडक्टर को निलंबित कर किया गया है। एचआरटीसी मुख्यालय के निरीक्षण दस्ते ने दिल्ली से रामपुर जा रही बस को शुक्रवार रात 11:37 बजे डेराबस्सी के पास निरीक्षण के लिए रोका। इंस्पेक्टर बलबीर सिंह और सब इंस्पेक्टर गुरबचन सिंह ने जब टिकट जांचे तो तीन यात्री बिना टिकट पकड़े गए। बस में कुल 45 यात्री सवार थे। पूछताछ में यात्रियों ने बताया कि कंडक्टर ने उनसे किराया लिया था, लेकिन टिकट नहीं दिया।
विज्ञापन
रामपुर डिपो की बस में पवन बतौर चालक और जगदीश बतौर परिचालक तैनात थे। परिचालक जगदीश ने तीन यात्रियों से 2493 रुपये बतौर किराया वसूलने के बावजूद टिकट नहीं दिया। सेवा में कोताही बरतने पर निगम प्रबंधन ने क्षेत्रीय प्रबंधक रामपुर को परिचालक जगदीश को निलंबित करने के आदेश जारी कर दिए हैं। क्षेत्रीय प्रबंधक रामपुर प्रेम कश्यप ने बताया कि तुरंत प्रभाव से परिचालक जगदीश चंद की सेवाओं पर रोक लगा दी गई है और टिकटिंग मशीन जमा कर ली गई है।
विज्ञापन
नहीं बख्शे जाएंगे टांकेबाज कंडक्टर
टांकेबाज कंडक्टरों पर नकेल कसने के लिए विशेष अभियान चलाया गया है। निगम के निरीक्षण दस्ते दिन और रात के समय औचक निरीक्षण कर जांच कर रहे हैं। 3 यात्रियों को टिकट न देने वाला दिल्ली-रामपुर बस का कंडक्टर निलंबित कर दिया गया है। अनुशासनहीनता के एक मामले में नाहन डिपो के कंडक्टर को भी निलंबित किया गया है। - पंकज सिंघल, महाप्रबंधक, एचआरटीसी
विज्ञापन
सोशल मीडिया पर सिगरेट पीने की डाली रील, कंडक्टर सस्पेंड
मनाली से देहरादून वाया चंडीगढ़ रूट पर रवाना हुई एचआरटीसी के नाहन डिपो की बस के कंडक्टर को बस अड्डे में विदेशी महिला को सिगरेट जलाकर देने और सार्वजनिक स्थल पर सिगरेट पीने का वीडियो बनाकर प्रसारित करने पर निलंबित किया गया है। वीडियो में कंडक्टर पहले लाइटर से सिगरेट जलाता है और बाद में महिला से सिगरेट मांग कर कश लगाता दिख रहा है। निगम प्रबंधन ने शिकायत मिलते ही तुरंत संज्ञान लेकर परिचालक को निलंबित कर दिया है। निगम ने अपने सभी चालक परिचालकों को अनुशासन में रह कर ड्यूटी करने को लेकर आगाह किया है।