हाड़ कंपा देने वाली ठंड ने जीना किया मुहाल, पारा गिरने का दौर जारी
हिमाचल में पारा गिरने का दौर लगातार जारी है। सोमवार को प्रदेश भर में धूप खिलने के बावजूद ठंडी हवाओं का चलना जारी रहा। इसकी वजह से अधिकतम और न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। सोमवार की ही तरह मंगलवार को भी आठ जिलों का न्यूनतम तापमान शून्य से नीचे रहा।
लाहौल स्पीति के मुख्यालय केलांग का न्यूनतम तापमान मंगलवार को -12.6 डिग्री रहा। मनाली, कल्पा, सुंदरनगर, भुंतर, चंबा, डलहौजी, सोलन में भी न्यूनतम पारा शून्य से नीचे दर्ज किया गया। शिमला का भी रात का पारा शून्य से नीचे चल रहा है।
शीतलहर और पाला गिरने से हाड़ कंपा देने वाली ठंड पड़ रही है जिसकी वजह से लोग ठिठुरने को मजबूर हैं। मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बारिश या बर्फबारी का कोई अनुमान नहीं है। मौसम विज्ञान केंद्र शिमला ने 14 जनवरी तक सूखी ठंड जारी रहने का अनुमान जताया है।
अभी इतने दिन जारी रहेगी सूखी ठंड
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के निदेशक डॉ. मनमोहन सिंह ने बताया कि अभी एक हफ्ते तक सूखी ठंड पड़ना जारी रहेगा। हालांकि यह जरूर कहा कि दिन में धूप खिलने से आने वाले समय में रात के तापमान में और कमी आएगी।
न्यूनतम तापमान
केलांग -12.6
मनाली -4.6
कल्पा -4.0
भुंतर -1.1
सुंदरनगर -1.2
सोलन -0.1
चंबा -0.6
डलहौजी -0.7
शिमला 3.5
ऊना 2.5
कांगड़ा 2.4
मंडी 2.2