CM Sukhvinder Sukhu: कुछ नेता केंद्रीय विवि भवन पर मेरे नाम का पत्थर नहीं लगने देना चाहते
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि देहरा के बनखंडी क्षेत्र में 300 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का चिड़ियाघर स्थापित होने से क्षेत्र के करीब 5 हजार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि पिछले 10 वर्षों से अधर में लटके केंद्रीय विवि भवन निर्माण कार्य को शुरू करने में उनका भी महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने ही तत्कालीन केंद्रीय मानव संसाधन मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के समक्ष मामला उठाया था। इसके बाद देहरा में केंद्रीय विवि भवन का निर्माण कार्य शुरू हो पाया है। हालांकि, कुछ नेता केंद्रीय विवि भवन पर मेरे नाम का पत्थर नहीं लगने देना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में वह निचले हिमाचल के पहले मुख्यमंत्री बने हैं लेकिन वह ऊपरी और निचले हिमाचल की राजनीति में विश्वास नहीं रखते हैं। सीएम सभी का होता है। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू देहरा हलके के हरिपुर में जनसभा को संबोधित कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि देहरा के बनखंडी क्षेत्र में 300 करोड़ की लागत से अंतरराष्ट्रीय स्तर का चिड़ियाघर स्थापित होने से क्षेत्र के करीब 5 हजार युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे। प्रदेश सरकार पौंग झील में साहसिक पर्यटन को बढ़ावा देने पर ध्यान केंद्रित करेगी और 70 करोड़ रुपये बजट आवंटित करेगी। योजना के तहत गर्म हवा के गुब्बारे की गतिविधियों की शुरुआत और एक अस्थायी होटल का निर्माण शामिल है। उन्होंने कहा कि युवाओं को शिकारा खरीदने के लिए सरकार वित्तीय सहायता देगी। पौंग झील को कश्मीर की डल लेक की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। कहा कि अगले चार सालों में प्रदेश की अर्थव्यवस्था को पटरी पर लाया जाएगा और 10 सालों में हिमाचल एक विकसित राज्यों में होगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार स्वास्थ्य क्षेत्र में भी महत्वपूर्ण बदलाव लाने जा रही है। प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में आदर्श स्वास्थ्य संस्थान खोला जाएगा। जहां पर हर प्रकार के स्वास्थ्य उपकरण तथा स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध होंगी।