Himachal: मुख्यमंत्री सुक्खू बोले- सरकार के पास 100 रुपये आते हैं तो खर्चा 170 रुपये
सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक वर्ष में प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 20 प्रतिशत सुधार किया है।
विस्तार
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि कांग्रेस सरकार ने एक वर्ष में प्रदेश की अर्थव्यवस्था में 20 प्रतिशत सुधार किया है। अन्यथा पूर्व भाजपा सरकार की नीतियों ने अव्यवस्था का आलम बनाकर रखा। पिछली सरकार प्रत्येक हिमाचली पर 1.2 लाख रुपये का कर्ज छोड़ गई है। पूर्व सरकार की गलत नीतियों से हालात ऐसे बने हैं कि सरकार के पास अगर 100 रुपये आता है तो खर्चा 170 रुपये है। मुख्यमंत्री रविवार को चिंतपूर्णी विधानसभा क्षेत्र के तहत अंब में अम्रुत मिशन योजना के तहत 10.90 करोड़ रुपये की योजना के शिलान्यास के बाद पत्रकारवार्ता और लडोली पंचायत के पंजोआ में सरकार गांव के द्वार कार्यक्रम में बोल रहे थे।
उन्होंने कहा कि अगर नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर को लगता है कि चहेते आपदा प्रभावितों को लाभ पहुंचाया जा रहा है तो वह इस बारे में लिखित में दें, विधानसभा में पूछें कि ऐसे कौन लोग हैं। सीएम सुक्खू ने कहा कि यहां भी आपदा प्रभावित हैं। उन तक सरकार ने राहत पहुंचाई है। भाजपा के नेता सुर्खियों में रहने के लिए ऐसी बयानबाजी करते हैं। भाजपा के लोगों को जनता माफ नहीं करेगी।
उन्होंने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के इस्तीफे पर जवाब देते हुए कहा कि राष्ट्रीय राजनीति पर टिप्पणी करना वह उचित नहीं समझते। आत्मनिर्भर हिमाचल कैसे बने, इसके लिए सरकार एवं मंत्री गांव के द्वार कार्यक्रम में जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि 9,000 करोड़ रुपये केंद्र सरकार के पास एनपीए का पड़ा है। भाजपा नेता अगर पास आएं तो उनसे पूछें, क्यों नहीं दिए गए। आपदा में राहत क्यों नहीं दी गई। सरकार ने सितंबर में 10,000 करोड रुपये का क्लेम भरकर दिया है, लेकिन उसमें भाजपा नेता अड़ंगा डालने का काम कर रहे हैं और क्लेम आज दिन तक मिला भी नहीं।
बेटे निषाद की नौकरी के लिए सीएम से मिलीं मां पुष्पा, बहन रमा
पैरालंपिक में मेडल हासिल करने वाले हिमाचल के पहले खिलाड़ी निषाद कुमार को अभी तक सरकारी नौकरी नहीं मिल पाई है। इसके साथ ही अर्जुन अवार्डी खिलाड़ी बड़ी प्रतियोगिताओं में पदक जीतने बाद मिलने वाली पुरस्कार राशि से भी वंचित है। निषाद की माता पुष्पा देवी और बहन रमा देवी ने रविवार को पंजोआ में मुख्यमंत्री से बात कर स्थिति से अवगत करवाया और मांग पत्र सौंपा।निषाद कुमार की माता ने बताया कि मुख्यमंत्री की तरफ से पुरस्कार राशि के शीघ्र दिए जाने का आश्वासन दिया गया है। अभी ए ग्रेड नौकरी को लेकर कोई बात नहीं की। निषाद कुमार उपमंडल अंब के तहत बदाऊं के रहने वाले है। वर्तमान में अमेरिका के कैलिफोर्निया के चोला विस्टा में स्थित ओलंपिक ट्रेनिंग केंद्र में अभ्यास कर रहे हैं। निषाद कुमार ने फोन पर बताया कि नियमों के अनुसार ओलंपिक पदक विजेता को प्रदेश सरकार की तरफ से ए ग्रेड जॉब दिया जाना चाहिए। उसके साथ के सभी खिलाड़ियों को अपने अपने राज्यों में सरकारों की तरफ से नौकरी दी जा चुकी है, लेकिन हिमाचल सरकार ने अभी तक इस मामले में कोई कदम नहीं उठाया है। इसके अलावा विभिन्न प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर के अनुसार सरकार की तरफ से दी जाने वाले ईनामी राशि भी सरकार की तरफ से नहीं मिल पाई है। निषाद ने बताया कि वह अभी अगस्त 2024 में पेरिस में में होने वाले पैरालंपिक के लिए 11 जनवरी से 20 अगस्त तक ओलंपिक ट्रेनिंग सेंटर चोला विस्टा सैन डियेगो कैलिफोर्निया में शिविर में शामिल हैं। इसके साथ ही वह 5 अप्रैल से 7 अप्रैल तक मैक्सिको में वर्ल्ड ग्रैंड प्रिंक्स, 17 मई से 25 मई तक कोबे जापान में होनेवाली वर्ल्ड पैरा एथलेटिक्स चैंपियनशिप की भी तैयारी कर रहा है। इधर, सीएम सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने निषाद के परिजनों को मांग पूरी करने का आश्वासन दिया है।